नोडल अधिकारी को सर्वे की जानकारी देते सक्षम युवा।
- फोटो : Sirsa
शहर में लोगों के परिवार पहचान पत्र बनाने और उन्हें अपडेट करने के लिए बीते दिन मंगलवार से सर्वे शुरू कर दिया है। लेकिन सर्वे करने वाले सक्षम युवाओं को लोग ऑनलाइन ठगी के भय से अपने एकाउंट नंबर की जानकारी नहीं दे रहे। ऐसे में सक्षम युवाओं के समक्ष परिवार पहचान पत्र बनाने का डाटा अपलोड करने में दिक्कतें आ रही है। समक्ष युवाओं ने सर्वे के नोडल अधिकारी के समक्ष यह बात रखी। अब वार्ड पार्षद को सर्वे कर रहे युवाओं की मदद करने की जिम्मेदारी दी गई है।
लॉकडाउन में नप ने सिरसा शहर में करीब 33 हजार परिवारों के पहचान पत्र बनाए थे। लेकिन उस समय पहचान पत्र में परिवार की ज्यादा जानकारी नहीं ली गई थी। सरकार के निर्देश पर अब परिवार पहचान पत्र को अपडेट किए जाने का काम शुरू किया गया है, यह काम सक्षम युुवाओं को सौंपा गया है। परंतु सर्वे करने वाले सक्षम युवाओं ने नोडल अधिकारी को जानकारी दी कि शहर के लोग अपने एकाउंट की जानकारी नहीं दे रहे। लोग कह रहे हैं कि वे अपने खाते की जानकारी नहीं देंगे। ऐसे में जब तक खाता की जानकारी उपलब्ध नहीं होगी, तब तक परिवार पहचान पत्र का डाटा अपलोड नहीं होगा। इसके अतिरिक्त सक्षम युवाओं के काम की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी संबंधित वार्ड पार्षद को दी गई है। वार्ड पार्षद के संपर्क में एक वार्ड में दस युवा रहेंगे। पार्षद ही वार्ड में पहचान पत्र बनाने के लिए एनाउंसमेंट करवाएगा और वार्ड में किसी जगह पर हेल्प डेस्क लगवाएगा। पार्षद का उत्तरदायित्व होगा कि वे एक कंप्यूटर और एक प्रिंटर किसी सरकारी स्कूल से लेकर सक्षम युवाओं को एक महीने के लिए उपलब्ध करवाए, ताकि उस वार्ड के प्रत्येक परिवार का डाटा ऑनलाइन फीड हो सके।
ये जानकारी भरनी होगी परिवार पहचान पत्र में
पहले बन चुके परिवार पहचान पत्र में परिवार के मुखिया के पिता व माता का नाम दर्ज नहीं किया गया था। अब उसे शामिल किया जाएगा। साथ ही शादी शुदा महिला के पति के साथ-साथ अब उसके पिता और मां का नाम भी अंकित किया जाएगा। पुराना डाटा अपडेट करते हुए बैंक एकाउंट नंबर की जानकारी भी देनी होगी, सालाना आय के साथ साथ पेन कार्ड नंबर देना होगा। साथ ही टैक्स अदा करने की जानकारी देनी होगी।
कोट
सक्षम युवाओं ने सर्वे के दौरान लोगों द्वारा एकाउंट नंबर की जानकारी देने से मना कर दिया है। हमने पार्षदों से सहयोग मांगा है क्योंकि पार्षदों की सुपरविजन में यह सर्वे उस वार्ड में पूरा होना है।
-विपिन कुमार, नोडल अधिकारी, नप सिरसा।