जनस्वास्थ्य विभाग के एक ठेकेदार और शहर के वार्ड नंबर 25 के पार्षद विकास गुर्जर के बीच आरटीआई को लेकर फोन पर बहस हुई। इसके बाद दूसरी कॉल पर ठेकेदार ने पार्षद को फोन करके कहा कि पूरे हिसार के गुर्जरों को मैं जानता हूं, ठेकेदारी आज करने लगा हूं, पहले सारे काम करके छोड़ दिए। पार्षद ने शुक्रवार को इसे धमकी बताते हुए एसपी कार्यालय और जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता को शिकायत दी। अधीक्षक अभियंता ने मामले की जांच के लिए जल्द ही समिति गठित करने की बात कही है।
ठेकेदार राय सिंह को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ चुके गोकुल सेतिया, पार्षद विकास गुर्जर, पार्षद विकास जैन, पार्षद जगजीत सिंह गिंदू, पार्षद कौशल्या देवी, पार्षद प्रतिनिधि राजू चाचा, पार्षद प्रतिनिधि गोपी सैनी, पूर्व सिरसा नगर परिषद चेयरपर्सन व पार्षद शीला सहगल ने एसडीएम व जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता प्रदीप पूनिया को शिकायत देकर ठेकेदार राय सिंह को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है।
वार्ड 25 के पार्षद विकास गुर्जर ने युवा नेता गोकुल सेतिया व अन्य पार्षदों के साथ एसपी कार्यालय में जनस्वास्थ्य विभाग के एक ठेकेदार के खिलाफ धमकी देने की शिकायत की। इसके बाद पार्षदों ने एसडीएम जयबीर यादव को शिकायत दी और ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की। एसडीएम ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता प्रदीप पूनियां को पूरे मामले की जांच करने और रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। पार्षद विकास गुर्जर ने बताया कि उसके वार्ड में रानियां गेट से वाल्मीकि चौक तक ठेकेदार ने पानी की पाइप लाइन डाली थी, लेकिन ठेकेदार ने नहरी पानी के साथ पाइप लाइन का कनेक्शन नहीं किया और न ही घरों को कनेक्शन दिए। इसी को लेकर पार्षद ने जनस्वास्थ्य विभाग में आरटीआई लगा दी। वीरवार को उसके पास ठेकेदार की कॉल आई। पहली कॉल में ठेकेदार ने आरटीआई क्यों लगाई, सवाल करता रहा। इसके बाद दूसरी कॉल आई तो ठेकेदार ने फिर बहस करनी शुरू कर दी और धमकी देते हुए कहा कि ठेकेदारी तो मैंने अब शुरू की है, पहले बाकी सारा काम करो हैं।
विकास गुर्जर के वार्ड के सभी काम किए गए। कुछ काम रह गए तो मैंने बताया कि मेरी वजह से आपका कोई काम नहीं रुका। यदि कोई काम रुका है तो अधिकारियों की वजह से। मैंने उसे कहा कि आरटीआई लगाने की जरूरत क्या थी। इसी बात को लेकर हमारी बहस हुई थी। मैंने ठेका थोड़ा ले रखा हूं। मैंने यह कहा कि आपने जो करना है कर लेना।
- राय सिंह, ठेकेदार, जनस्वास्थ्य विभाग।
एसडीएम कार्यालय व पार्षदों की शिकायत आई है। वे इस मामले की जांच करवाएंगे, उसके बाद ही आरोप कितने गंभीर है, उसी आधार पर ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रदीप पूनियां, अधीक्षक अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग सिरसा।