संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव बनवाला की ग्राम पंचायत ने शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए राजकीय उच्च विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क वैन सुविधा शुरू की है। यह सुविधा विशेष रूप से ढाणियों से आने वाले बच्चों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, ताकि उनके स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ग्राम सरपंच मंजू कालवा के प्रतिनिधि संजय कालवा ने बताया कि अभिभावकों की ओर से यह मांग आई थी कि यदि बच्चों के आवागमन के लिए कोई वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए, तो वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिला दिलाना पसंद करेंगे। इस पर पहल करते हुए ग्राम सरपंच ने अपने निजी कोष से एक वैन व चालक की व्यवस्था की है। वैन का पूरा खर्च सरपंच स्वयं वहन करेंगे।
विद्यालय के प्रभारी सुखपाल सिंह (राजकीय उच्च विद्यालय) व रामस्वरूप (प्राथमिक विद्यालय) सहित ग्रामीणों ने इस पहल की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि इससे जहां सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ेगा, वहीं शिक्षा स्तर को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही, अभिभावकों को बच्चों के आवागमन की चिंता से भी मुक्ति मिलेगी।
कार्यवाहक इंचार्ज सुखपाल सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत का विद्यालय को हर समय भरपूर सहयोग रहता है। सरपंच प्रतिनिधि संजय कालवा ने कहा कि उनका प्रयास है कि गांव के सरकारी स्कूलों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन हो और विद्यालय को शीघ्र ही अपग्रेड करवाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय अपग्रेड हो जाता है तो गांव की बेटियों को भी शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ अभियान को बल मिलेगा।