जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता लोगों को हाथ जोड़ कर शांत होने के लिए कहते हुए।
- फोटो : Sirsa
शहर की विभिन्न कॉलोनियों के लोगों ने शुक्रवार को सीवरेज समस्या को लेकर पब्लिक हेल्थ के सालासर मंदिर स्थित कार्यालय का घेराव कर लिया। करीब 50 से 60 लोग सिरसा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुकी सुनीता सेतिया के बेटे गोकुल सेतिया के नेतृत्व में पहुंचे। वहीं कार्यालय में सीवरेज समस्या को लेकर पार्षदों के साथ मीटिंग कर कर रहे एक्सईएन आरके शर्मा बाहर आए। करीब आधा घंटे तक लोगों को पांच अगस्त तक समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। लेकिन लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 6 अगस्त को वे कार्यालय का घेराव करने फिर से आएंगे।
सुबह 11 बजे शहर की विभिन्न कॉलोनियों के लोग सीवरेज समस्या को लेकर भाजपा नेता गोकुल सेतिया के साथ पब्लिक हेल्थ कार्यालय में पहुंच गए। लोगों ने पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। शोर सुनकर एक्सईएन आरके शर्मा अपने कार्यालय से बाहर बरामदे में आए। भाजपा नेता गोकुल सेतिया ने एक्सईएन से कहा कि वे लोग 114 शिकायतों की सूची बनाकर लेकर आए हैं। आप इनका कब तक समाधान करा दोगे। एक्सईएन आर के शर्मा ने जल्दी समाधान का आश्वासन दिया। लेकिन लोग नहीं माने। एकता नगर की महिलाओं ने कहा कि वे काम छोड़कर आ रही हैं। सीवरेज के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। एक्सईएन आरके शर्मा ने कहा कि शहर की सीवरेज की समस्या वास्तव में गंभीर है। पानी निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक्सईएन आर के शर्मा ने लोगों को समझाया कि समस्या को देखकर फतेहाबाद और टोहाना से करीब चार मशीनें मंगवाई गई हैं। चार और मशीने मंगवाई जा रही हैं। पांच अगस्त तक का समय दें, उसके बाद आपकी समस्या खत्म हो जाएगी। लोगों ने कहा कि घरों में सीवरेज और पीने का पानी मिक्स हो गया है। 15 दिन से पानी साफ नहीं आ रहा। एक्सईएन ने कहा कि बारिश में सीवरेज और पीने का पानी मिक्स हो जाता है। दोनों समस्याएं एक दूसरे से जुड़ी हैं।
लोग बोले- टीडीएस युक्त पानी किया जा रहा है सप्लाई : चतरगढ़पट्टी के लोगों ने कहा कि जब विभाग ने खराब ट्यूबवेल का पानी बंद किया हुआ है तो फिर हमारी कॉलोनी में टीडीएस युक्त पानी क्यों सप्लाई किया जा रहा है। ऐसा पानी पिलाकर हमारी जान क्यों खतरे में डाली जा रही है। तब एक्सईएन आर के शर्मा ने कहा कि चतरगढ़पट्टी में वाटर वर्कर्स के निर्माण के लिए उनके पास 40 करोड़ रुपये आ गया है। जल्दी ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। एक्सईएन आर के शर्मा ने लोगों को अपने तर्कों से संतुष्ट करने का प्रयास किया। लेकिन लोग उनके आश्वासनों को नहीं माने। तब एक्सईएन ने मेज पर खड़े होकर लोगों को आश्वासन दिया कि यदि पांच अगस्त तक समस्या का समाधान नहीं किया तो वे 6 अगस्त को दोबारा आ जाएं। तब भाजपा नेता गोकुल सेतिया ने मेज पर खड़े होकर लोगों से अनुरोध किया कि एक्सईएन आर के शर्मा की बात मान कर हमें पांच अगस्त तक इंतजार करना चाहिए। यदि पांच अगस्त तक शहर से सीवरेज का पानी नहीं निकला तो वे 6 अगस्त को दोबारा आ जाएंगे।
कार्यकारी प्रधान के साथ पार्षद भी पहुंचे: वहीं सीवरेज समस्या को लेकर शहर के कार्यकारी प्रधान रणधीर सिंह, पार्षद राजेश गुज्जर, राजू, जश्न इंसा, पार्षद प्रतिनिधि हरदास सिंह रिंकू, मनोज मकानी के साथ एक्सईएन आरके शर्मा के पास पहुंचे। एक्सईएन ने उन्हें पांच अगस्त तक सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया है।