शहर में स्वच्छता, अतिक्रमण और लावारिस पशुओं के मुद्दों को लेकर नगर आयुक्त संगीता तेतरवाल ने वीरवार को अपने कार्यालय में समाजसेवी, पार्षदों व राजनेताओं की बैठक ली। नगर आयुक्त संगीता तेतरवाल ने कहा कि सोमवार से समाजसेवी एनजीओ व राजनेताओं के साथ शाम छह बजे सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान फोटो खिंचवाने के लिए नहीं होगा। शहर को सफाई जोन में बांटा जाएगा और जिसे जो जोन मिलेगा, उसमें सफाई करनी होगी। साथ ही व्हाट्सएप नंबर जारी किया जाएगा, जिस पर लोग गंदगी की फोटो भेजें।
बैठक में भाजपा नेता श्याम बजाज ने डाकघर के पास बने कचरा प्वाइंट को खत्म करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस जगह कचरा प्वाइंट होने से बदबू आती है। समाजसेवी सुरेंद्र सिंह वैदवाला ने कहा कि लोगों ने सीवरेज घर के अंदर तक ले लिए हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि वे एक सप्ताह में तीन बार बाजार घूम आई हैं। वह दुकानदारों का सामान नहीं उठाना चाहतीं, सिरसा के लोग अच्छे हैं। एक बार हम दुकानदारों को समझा देंगे तो वे समझ जाएंगे, दो दिन एनाउंसमेंट करवाएंगे। इसके बाद से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर देंगे। उन्होंने सेनेटरी इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह को आदेश दिए कि दस दिन तक चालान करो। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की वीडियोग्राफी बनाओ, हर बार पिछली बार से ज्यादा राशि का चालान करो, बाद में वे खुद ही सहयोग करेंगे।
धार्मिक स्थानों के पास से मीट की दुकानें हटवाएं
वार्ड 30 की पार्षद रेणु बाला ने कहा कि उसने अपने वार्ड के पार्कों की समस्या नगर आयुक्त को बताई थी। पार्कों की सफाई अब बेहतर तरीके से हो चुकी है। रानियां रोड पर निरंकारी भवन के सामने मीट की दुकानें हैं। इसी रोड पर ही गुरुद्वारा चिल्ला साहिब भी है। इनकी गंदगी भी सामने सड़क पर फेंकी जाती है। इस पर विचार करें। बाकी समाजसेवी संस्थाओं ने भी इसका समाधान करने का अनुरोध किया।
नाकों पर पुलिस के साथ रात्रि ड्यूटी पर रहेंगे सफाई कर्मी तैनात : नगर आयुक्त
समाजसेवियों ने बाजारों में दुकानों के आगे रेहड़ी लगाने का काम बंद करवाने का अनुरोध किया। इससे बाजार में आवाजाही की दिक्कत होती है। नगर आयुक्त ने कहा कि हमें शुरुआत अपने घर से ही करनी होगी। हम लोग ही कुछ पैसों के लालच में रेहड़ी लगवाते हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि यदि कोई दुधारू पशु व सूअर को छोड़ता है तो उसे पकड़कर उसकी नीलामी करवाई जाए, तब लोग सुधरेंगे। तब कार्यकारी प्रधान ने कहा कि शहर में दुधारू पशुओं को छोड़ने पर छह हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है। रानियां चुंगी वाले एरिया में लोग दुधारू पशुओं को छोड़ देते हैं, गांवों से शहर में पशु आते हैं। तब समाजसेवी आनंद बियानी ने कहा कि रात को पहले पशु पकड़ने का अभियान चलाया गया था। नगर आयुक्त ने कहा कि वे शहर के बाहर पुलिस नाकों पर सफाई कर्मियों की रात्रि ड्यूटी लगाएंगी। इस काम में सहयोग के लिए एसपी को पत्र लिखा जाएगा।
सूखा व गीला कूड़ा अलग करने के लिए महिला पार्षदों का मांगा सहयोग
नगर आयुक्त ने स्वच्छता के लिए शहर के महिला पार्षदों का सहयोग मांगा। पार्षदों से कहा कि वे महिलाओं को जागरूक करें, ताकि वे सूखा और गीला कूड़ा को अलग-अलग कर नप के वाहन में डाले। पार्षद कौशल्या वर्मा ने बताया कि उसने अपने वार्ड में कूड़ेदान रखवाए हैं, अब महिलाएं गली के बाहर कूड़ा नहीं डालतीं। इस पर सभी ने तालियां बजाईं।
ऑटो मार्केट ये अतिक्रमण की समस्या का समाधान करें : चोपड़ा
सीएम के पूर्व ओएसडी जगदीश चोपड़ा ने कहा कि शहर की ऑटो मार्केट स्वच्छता व सुंदरता के नाम पर दाग है। गंदगी का कारण शहर में ऑटो की दुकानें हैं। अस्थायी अतिक्रमण को खत्म करने के लिए आप पर राजनीतिक दबाव नहीं आएगा। समाजसेवियों ने कहा कि प्रतिदिन अतिक्रमण करने वालों की वीडियोग्राफी करवा ली जाए। तब नगर आयुक्त ने कहा कि वह एक हफ्ते में तीन बार बाजार घूम चुकी हैं, एक घंटे में उनकी गाड़ी मार्केट व शहर की गलियों से निकली। वे खुद ही बाजार जाया करेंगी। तब स्वच्छता को लेकर फैसला किया गया कि सोमवार शाम छह बजे सफाई अभियान शुरू होगा, लेकिन फोटो खिंचवाने के लिए नहीं।
कोट
सोमवार से सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही लोगों से बाजारों में अतिक्रमण न करने का अनुरोध किया गया है।
- संगीता तेतरवाल, नगर आयुक्त, सिरसा