सिरसा। डबवाली के गांव अहमदपुर दारेवाला में खेतों से चारा लेने के लिए गए दो किशोरों में से एक की खेत में बनी डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। जबकि दूसरा किसी तरह से डिग्गी से बाहर निकल आया। नागरिक अस्पताल में किशोर के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार गांव अहमदपुर दारेवाला के रहने वाले 14 से 15 वर्षीय दो किशोर गुरविंद्र सिंह व अर्शदीप दोनों दसवीं कक्षा में साथ पढ़ते थे। दोनों दोस्त सोमवार को दोपहर के समय खेतों में हरा चारा लाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे खेत से मुली उखाड़कर पड़ोसी मक्खन सिंह के खेत में बनी डिग्गी में उन्हें धोने के लिए चले गए। इस दौरान पैर फिसलने के कारण गुरविंद्र डिग्गी में गिर गया। अर्शदीप ने उसे बचाने के लिए छलांग लगाई। जब उसकी कोशिश नाकाम रही तो वह बाहर आ गया और मदद के लिए शोर मचाने लगा। इसके बाद आसपास के लोग भागकर आए और गुरविंद्र को बाहर निकाला। गुरविंद्र को नजदीकी अस्पताल में लेकर गए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि गुरविंद्र के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और वे दो भाई हैंं।