सिरसा। मेजर नहर से पाइप लाइन निकाले जाने के बाद पानी का रिसाव होने के कारण अब नहर में कम मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। जिसके चलते शहर की 20 कॉलोनियों में पेयजल संकट गहरा गया है। पेयजल की सप्लाई न होने के कारण शहर की करीब सवा लाख की आबादी इससे प्रभावित हो रही है। बीते करीब 10 दिनों से पेयजल की पर्याप्त मात्रा में सप्लाई न होने के कारण कॉलोनीवासियों को खुद ही टैंकर मंगवाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। जबकि अधिकारियों की ओर से भी इस समस्या का समाधान नहीं निकाला जा रहा।
शहर के हिसार रोड पर अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है। ऐसे में दिल्ली पुल पर स्थित मेजर नहर पर भी खोदाई कर पाइप लाइन डाल दी गई। जिसके बाद संबंधित ठेकेदार ने पाइप लाइन डालने के बाद दोनों तरफ के बांधों पर मिट्टी डाल दी। ऐसे में पक्का निर्माण न होने के कारण पाइप लाइन डालने वाले स्थानों से पानी का रिसाव होना शुरू हो गया और दोनों बांधों के नीचे से पानी निकलने लगा। जिसके बाद सिंचाई विभाग ने नहर को बंद करवा वहां पर मिट्टी के बैग रखवा दिए ताकि पानी का रिसाव पाइप लाइन वाले स्थान से न हो सके। ऐसे में अब कम मात्रा में ही पानी की सप्लाई दी जा रही है। जिससे शहर में पेयजल संकट गहरा गया है। शहर की करीब 20 कॉलोनियों में बीते 10 दिनों से पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। यहां तक की कई कॉलोनियों में तो पानी की सप्लाई तक नहीं हो पा रही। ऐसे में कॉलोनी वासियों को मोल पानी के टैंकर मंगवाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
चत्तरगढ़पट्टी और मिनी सेक्टर स्थित जलघर में पहुंचता है नहर का पानी
शहर के चत्तरगढ़पट्टी और मिनी सेक्टर स्थित बने जलघर में मेजर नहर से ही पानी पहुंचता है। बीते कई दिनों से नहरबंदी होने के कारण दोनों जलघरों का पानी खत्म हो गया। जिसके बाद अब नहर शुरू हुई तो जल रिसाव के कारण कम मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में दोनों जलघरों में नाम मात्र ही पानी पहुंच पा रहा है। बीते 10 दिनों से कॉलोनीवासियों में विभाग के प्रति भी काफी रोष है।
इन कॉलोनियों में गहराया है पेयजल संकट, मोल खरीद रहे है टैंकर
शहर के हिसार रोड स्थित खैरपुर, गुरुनानक नगर, गोबिंद नगर, डीसी कॉलोनी, एडीसी कॉलोनी, नहर कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी एमआईटीसी कॉलोनी, राम कॉलोनी सहित अन्य कई कॉलोनियों में पेयजल का संकट बना हुआ है। वहीं चत्तरगढ़पट्टी स्थित जलघर से आधे शहर में पेयजल की सप्लाई दी जाती है। जिससे डबवाली रोड स्थित कई कॉलोनियों में पेयजल संकट गहराया हुआ है।
10 दिनों से परेशान हो रहे हैं कॉलोनीवासी
वहीं शहर के खैरपुर, गुरुनानक नगर, डीसी कॉलोनी वासी रमेश कुमार, सतेंद्र कुमार, जगदीश सिंह, अमनदीप, राजीव कुमार ने बताया कि उनकी कॉलोनियों में बीते 10 दिनों से पेयजल की समस्या आ रही है। जिसको लेकर वह अधिकारियों व शिकायत केंद्र में शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन अधिकारी भी नहर में कम पानी आने की बात कह जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
सिरसा मेजर नहर में कम पानी छोड़े जाने के कारण इस तरह की परेशानी आ रही है। कई क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई दी जा रही है। कई कॉलोनियों में इस तरह की समस्या आ रही है।
-सुरेश कुमार, जेई, पब्लिक हेल्थ, सिरसा।
दिल्ली पुल पर स्थित सिरसा मेजर नहर की खोदाई किए जाने के बाद बांधों पर लगाई गई मिट्टी । - फोटो : Sirsa