सिरसा। जिला पुलिस द्वारा विशेष पुलिस अधिकारी के 79 पदों की भर्ती के लिए आवेदन पत्र 27 से 29 अगस्त तक पुलिस लाइन में लिए जाएंगे। इस भर्ती में आर्मी के एक्स सर्विसमैन, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस से रिटायर्ड कार्मिक तथा एचएसआईएसएफ से निष्कासित व वर्ष 2004 में एचएपी में सिपाही के पदों पर चुने गए व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार अपने मूल दस्तावेजों की छायाप्रति व पूर्ण आवेदन पत्र जिला पुलिस लाइन में सुबह 9 बजे तक जमा करवा सकते हैं।
जिला पुलिस प्रशासन द्वारा बताया गया है कि भर्ती प्रक्रिया में मुख्य रूप से आर्मी एक्स सर्विसमैन, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस से सेवानिवृत्ति अभ्यर्थी और एचएसआईएसएफ के महिला व पुरुष एवं 2004 में एचएपी में सिपाही के पदों पर चुने गए 819 अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले उम्मीदवार की आयु 25 से 50 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है। सेवानिवृत्ति के समय लिया गया मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट प्रथम श्रेणी और सेवानिवृत्ति के समय दिया गया। प्रार्थी के लिए चरित्र प्रमाण पत्र भी आवश्यक है। इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले आवेदक अपने साथ अपनी सर्विस बुक की छाया प्रति, आयु प्रमाण पत्र, चार फोटो पासपोर्ट साइज, चरित्र प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेज साथ लेकर आए। एचएसआईएसएफ से निष्कासित किए गए उम्मीदवार डिसबेंड ऑर्डर की फोटोकॉपी साथ लाएंगे। भर्ती होने वाले व्यक्तियों को प्रतिमाह 18000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। अन्य नियम व शर्तों की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से ली जा सकती है।