सिरसा। उपायुक्त एमके सिंह के मंगलवार को शहर का निरीक्षण करने के बाद बुधवार को नगर परिषद की टीम ने शहर में स्वच्छता व अतिक्रमण को लेकर अभियान चलाया। जहां बाजारों में अंदर से अतिक्रमण करने वालों का सामान टीम ने उठाया। वहीं खुले में कचरा फेंकने वालों को गुलाब का फूल देकर जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया।
मुख्य सफाई निरीक्षण राजकुमार ने बताया कि बुधवार को सुबह नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी अतर सिंह खनगवाल की अगुवाई में टीम बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान मोहता मार्केट, मीना बाजार, हिसार बाजार, नोहरिया बाजार आदि में टीम ने अतिक्रमण हटाया। इतना ही नहीं, खुले में कचरा डालने वाले लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक करने के साथ साथ उन्हें गुलाब का फूल दिया। खनगवाल ने कहा कि उनका प्रयास है कि स्वच्छता और अतिक्रमण को लेकर लोग गंभीरता से ले। इस बारे में उन्हें जागरूक किया जाए।