संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत निकाली जा रही साइक्लोथॉन यात्रा शनिवार को डिंग सीमा से सिरसा में प्रवेश कर गई। यात्रा का स्वागत जिला परिषद के सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र, एएसपी उत्तम पहल और भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने किया।
यह साइक्लोथॉन यात्रा सब-इंस्पेक्टर डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में गांव पतली डाबर, डिंग मोड़, मोजूखेड़ा, जोधकां, भावदीन होते हुए संगरसरिस्ता, ढाणी रामपुरा, सुचान-कोटली, बाजेकां तक पहुंची। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को ‘लोटा नमक’ उठवाकर नशे के खिलाफ लड़ाई में भागीदारी का संकल्प दिलाया गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार सुबह शहीद भगत सिंह स्टेडियम से साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर ओढां के लिए रवाना करेंगे। उन्हें शनिवार शाम 5:30 बजे सिरसा पहुंचना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण वे ढाई घंटे की देरी से पहुंचे।
प्रशासन के अनुसार, साइक्लोथॉन में भाग लेने के लिए 60 हजार से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रतिभागियों को प्रशासन द्वारा सफेद टी-शर्ट दी जाएंगी। यात्रा के दौरान 12 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है, साथ ही बच्चों के लिए एनर्जी ड्रिंक का भी इंतजाम किया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि साइक्लोथॉन में साइकिल लेकर आने वाले बच्चों की साइकिल उन तक वापस पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। बच्चे ज्यादा देर तक धूप में न रहें, इसलिए गर्मी बढ़ने से पहले कार्यक्रम का समापन हो जाएगा।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::
यह रहेगा साइक्लोथॉन का रूट
शहर में साइक्लोथॉन की शुरुआत शहीद भगत सिंह स्टेडियम से होगी। इसके बाद यात्रा महाराणा प्रताप चौक, किसान चौक, हुडा सेक्टर-20 की मेन रोड, नई हाउसिंग बोर्ड चौक होते हुए फिर स्टेडियम के पास आकर संपन्न होगी। यहां से साइक्लोथॉन ओढां के लिए रवाना होगी।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::
नवीन पूनिया सुनाएंगे नशे के खिलाफ गीत
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि साइक्लोथॉन के दौरान गायक नवीन पुनिया नशे के खिलाफ गीत प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक साइकिल और 2100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
:::::::::::::::::::::::::::::::::
सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतजाम
साइक्लोथॉन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। यात्रा के सिरसा में प्रवेश करते ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। यात्रा के आगे पायलेट गाड़ी और पुलिस साइडर रहेंगे। वहीं, सीएम के आगमन को देखते हुए शहीद भगत सिंह स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। बरनाला रोड पर स्थित स्टेडियम के पास भूमण शाह चौक पर बेरिकेडिंग कर दी गई है। लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है। पंजाब, नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, प्रेम नगर, शक्ति नगर और सेक्टर-20 जाने वालों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरने को कहा गया, जिससे दिनभर लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।