शहर के केलनियां रोड स्थित शराब के ठेके पर तीन युवकों ने कारिंदों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कारिंदों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव हांडीखेड़ा निवासी उमेद कुमार केलनियां रोड स्थित शराब के ठेके पर बतौर कारिंदा कार्यरत है। उसके साथ बिहार निवासी शंकर भी ठेके पर काम करता है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर सवार तीन युवक ठेके पर आए। दो युवक कारिंदे उमेद के साथ शराब के ब्रांड की बात करने लगे तभी तीसरे युवक ने एकदम से मिर्ची पाउडर कारिंदे उमेद और शंकर की आंखों में छिड़क दिया। आंखों में मिर्ची पाउडर गिरने से कारिंदों का बुरा हाल हो गया और तीनों युवक गल्ले में पड़ी हजारों की राशि लूटकर फरार हो गए। कारिंदों की चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे। उन्होंने उनके मुंह पर पानी छिड़का और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा जिलया। सब्जी मंडी चौकी पुलिस ने बयानों के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।