संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। मौसम के बदलाव के कारण खांसी, जुकाम, बुखार जैसी मौसमी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। नागरिक अस्पताल में इन बीमारियों से प्रभावित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। नागरिक अस्पताल में बाल रोग विभाग में प्रतिदिन 100 के करीब ओपीडी हो रही है, जिनमें से 20 से 25 मरीज पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित होते हैं। खासकर बच्चों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है, जिनकी उम्र एक से पांच साल के बीच है।
नागरिक अस्पताल के बाल रोग विभाग के चिकित्सक डॉ. सूर्यांश कंबोज ने बताया कि डायरिया से जुड़ी बीमारियां बच्चों में अधिक फैल रही हैं। पेट में दर्द, भारीपन, दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं बच्चों को परेशान कर रही हैं। इसके लिए चिकित्सक बच्चों के माता-पिता को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं, खासकर बच्चों के खाने-पीने में।
मौसम में बदलाव के कारण बढ़ी बीमारियां
सिरसा में इन दिनों मौसम में तेज बदलाव हो रहा है, जिसकी वजह से लोग खाने-पीने में बदलाव कर रहे हैं, जो इन बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में अचानक वृद्धि ने लोगों को और परेशान किया, लेकिन बारिश के बाद अब तापमान में गिरावट आई है, जिससे कुछ राहत मिली है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में खासतौर पर खाने-पीने में परहेज रखना बहुत जरूरी है। तली हुई और ज्यादा ताजगी से रहित खाद्य पदार्थों का सेवन पेट के रोगों को बढ़ा सकता है। इसके अलावा, समय पर भोजन करना और पानी की सही मात्रा बनाए रखना आवश्यक है।
बाल रोगों से बचाव के उपाय
बाल रोग विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों को ताजे और स्वच्छ भोजन का सेवन कराना चाहिए। पानी उबालकर पीना चाहिए और सड़े-गले फल और सब्जियों से बचना चाहिए। बच्चों को अच्छी स्वच्छता की आदतें सिखानी चाहिए और गर्मी के मौसम में उन्हें ठंडे स्थानों पर रखना चाहिए। नागरिक अस्पताल के चिकित्सक इस समय में सभी को खाने-पीने में सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं, ताकि मौसमी बीमारियों से बचा जा सके।
:::::::::::::::::::::
कोट्स
नागरिक अस्पताल में बाल रोग विभाग में प्रतिदिन 100 के करीब ओपीडी हो रही है। इसमें खांसी, जुकाम, बुखार के साथ पेट की समस्याओं को लेकर आ रहे हैं। जिसमें डायरिया के भी संभावित मरीज आ रहे हैं। मरीजों को दवा के साथ परहेज और खाने पीने में सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं। -डाॅ. सूर्यांश कंबोज, नागरिक अस्पताल सिरसा।