संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन का रिकॉर्ड खंगालने में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता दोे दिन से जुटा है। टीम ने जहां सोमवार को नगर पालिका रानियां में रिकॉर्ड की जांच की, वहीं मंगलवार को कालांवाली और ऐलनाबाद का रिकॉर्ड खंगाला गया है।
जिले की दो नगर परिषद और तीन नगर पालिकाओं का डोर-टू-डोर कचरा उठान से लेकर कचरा निस्तारण तक की जिम्मेदारी पूजा वेस्ट मैनेजमेंट को दी हुई है। एजेंसी के साथ 22 साल के लिए अनुबंध किया गया है।
सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज एसआई राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को रानियां में नगरपालिका का रिकॉर्ड जांच गया था। सभी कर्मचारियों का रिकॉर्ड देखा गया है। कर्मचारियों को कितनी सैलरी दी जाती है, उसका ईएसआई और पीएफ काटा जाता है या नहीं। इसके अलावा स्वच्छता को लेकर एजेंसी किस प्रकार से कार्य रही है। मंगलवार को कालांवाली और ऐलनाबाद का रिकॉर्ड खंगाला गया है। एजेंसी के हाजिरी रजिस्टर से लेकर अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इसकी गहनता से जांच की जाएगी। जांच के दौरान कर्मचारी ड्रेस में नहीं मिले। इसको लेकर एजेंसी व अधिकारियों की खिंचाई की गई कि सभी कर्मचारी अपनी वर्दी में होने चाहिए। ठेकेदार भी सभी जरूरी चीजें कर्मचारियों को उपलब्ध करवाएं।
-
यह रिकॉर्ड किया जा रहा है जब्त
- कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर का रिकॉर्ड
- कर्मचारियों के पीएफ, ईएसआई के दस्तावेज
-कर्मचारियों का सैलरी रिकॉर्ड
- वाहनों संबंधी रिकॉर्ड
- भुगतान का रिकॉर्ड
-
एजेंसी के साथ अनुबंध का रिकॉर्ड नहीं मिला
जानकारी के अनुसार एजेंसी के अनुबंध संबंधी तीनों नगर पालिकाओं में दस्तावेज मांगे गए तो किसी ने भी दस्तावेज उनके पास नहीं होने की बात कहीं। सभी ने कहा कि जिला नगर आयुक्त कार्यालय में अनुबंध संबंधी सारे दस्तावेज हैं। अनुबंध की कॉपी वहीं से प्राप्त होगी।
::::::::::::::::::::::::::
जिले की तीन नगर पालिकाओं की जांच की गई है। जांच के दौरान कर्मचारियों का रिकॉर्ड खंगाला गया है, उनकी हाजिरी जांच गई। इसके अलावा डोर-टू-डोर प्रबंधन के बारे में जांच की है। सभी दस्तावेज जब्त किए गए हैं, ताकि गहनता से जांच की जा सके। - राजेश कुमार, एसआई, सीएम फ्लाइंग।