फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: मुख्यमंत्री आज से तीन दिन तक सिरसा में, सुरक्षा के लिए बुलाईं पुलिस की तीन अतिरिक्त कंपनियां

Fri, 12 May 2023 10:04 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
उपायुक्त पार्थ गुप्ता।
विज्ञापन
सिरसा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार से तीन दिनों तक सिरसा में जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से भी इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से बाहर से पुलिस की तीन अतिरिक्त कंपनियों को बुलाया गया है। जो मुख्यमंत्री के रूट पर जगह-जगह पर तैनात रहेंगी। वहीं किसानों, सरपंचों सहित अन्य कई यूनियनों ने मुख्यमंत्री के घेराव व विरोध करने की चेतावनी दी है। जिसके चलते पुलिस भी अब पूरी तरह से अलर्ट है।
विज्ञापन

उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रमों को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सिरसा में 13 से 15 मई तक जन संवाद कार्यक्रम करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिलावासियों के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वहीं आमजन की समस्याओं की सुनवाई करते हुए मौके पर ही समाधान भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध पुख्ता कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों से संबंधित प्रोजेक्ट जिलावासियों को समर्पित करेंगे। इसलिए जन संवाद कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में प्रशासन का सहयोग करें।

पहले दिन खैरेकां, बडागुढ़ा और गांव कालांवाली में होगा जनसंवाद कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का जिले में तीन दिन का जन संवाद कार्यक्रम होगा। जिसमें 13 मई को गांव खैरेकां, बडागुढ़ा व गांव कालांवाली, 14 मई को गांव चोरमार खेड़ा, गांव डबवाली व अबूबशहर तथा 15 मई को गांव बणी, गांव संतनगर व गांव ओटू में जन संवाद कार्यक्रम होगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। इसके अलावा साथ के जिला से भी अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई हैं। पंचायत स्तर पर भी ड्यूटियां लगाई गई हैं और सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन


सरपंच व किसानों ने दे रखी है घेराव की चेतावनी
मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम को लेकर चढूनी ग्रुप के किसानों और सरपंचों ने घेराव व जन संवाद कार्यक्रम को लेकर भी चेतावनी दी थी। हालांकि उपायुक्त ने संबंधित संगठनों के मुख्य पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की है। हालांकि अभी तक संगठनों की ओर से अभी तक फैसले को वापस नहीं लिया गया है। वहीं पुलिस भी किसानों और सरपंचों के मुख्य पदाधिकारियों सहित विरोध प्रदर्शन करने वाले संगठनों के साथ संपर्क साधे हुए है। ताकि संगठनों को रोका सके ।

गांव की रजिस्ट्री प्रक्रिया बंद होने पर बेगू के ग्रामीणों ने दी घेराव की चेतावनी
गांव शाहपुर बेगू को शाह सतनामपुरा में मिलाए जाने को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का विरोध करने के लिए उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर पूर्व सरपंच लीलू राम, भजन लाल, जिला पार्षद जगदीश भाटिया, सुखविन्द्र सिद्धू, हरविंद्र संधू, सजीव कुमार ने बताया कि अलग पंचायत शाह सतनामपुरा बनाई गई है जिसके चलते ई दिशा में गांव बेगू के सभी कार्य बंद हो गए हैं। यानी शाहपुर बेगू की रजिस्ट्री, इकरारनामा, किरायानामा, केसीसी और फर्द से लोन करवाने का कार्य बंद कर दिया गया है। जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वह 16 महीने से लगातार संघर्ष कर रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जिसके चलते अब निर्णय लिया गया है कि मुख्यमंत्री के तीन दिवसीय सिरसा जिला में कार्यक्रम के दौरान गांव शाहपुर बेगू सहित चार गांव के लोग मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाएंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के तीन दिवसीय जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह अलर्ट हो गई है। हजारों पुलिस जवान व अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे तथा सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाहर से भी तीन कंपनियों को बुलाया गया है।
विज्ञापन

- उदय सिंह मीणा, पुलिस अधीक्षक, सिरसा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें