ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ पुलिस अब सख्ती से निपट रही है। सोमवार सुबह ट्रैफिक एसएचओ को किसी ने जानकारी दी कि बस स्टैंड के सामने ऑटो चालक सवारियों को बैठा रहे हैं जिस कारण से जाम लगा है। सूचना पाकर एसएचओ मौके पर पहुंचे और ऑटो की चेकिंग शुरू कर दी। खामियां मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने बस स्टैंड के सामने ऑटो तथा एक बाइक सवार का 28 हजार पांच सौ रुपये का चालान काट दिया।
सुबह बस स्टैंड से किसी ने ट्रैफिक पुलिस को जानकारी दी कि ऑटो चालकों ने बस स्टैंड के आगे जाम लगा रखा है तथा अपनी मर्जी से कहीं भी रोक रहेे हैं। सूचना पाकर ट्रैफिक पुलिस के एसएचओ इंस्पेक्टर बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वहां पर लगे ऑटो को साइड करवाकर उनके कागजात की जांच करनी शुरू कर दी।
इसी दौरान एक ऑटो चालक को पुलिस कर्मियों ने रुकवाया। पुलिस कर्मचारियों ने कागजात दिखाने को कहा तो ऑटो चालक ने बताया कि उसके पास कोई कागजात नहीं है। वहीं ऑटो के न तो नंबर प्लेट थी तथा न ही टायर सही थे। जिसको लेकर ट्रैफिक एसएचओ ने ऑटो चालक का 13 हजार पांच सौ रुपये का चालान कर ऑटो को इंपाउंड कर दिया।
एक बाइक पर नशे में धुत चार लोग थे सवार, 15 हजार का चालान काटा
वाहनों की जांच करते समय चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बस स्टैंड के ओर से आ रहे थे, जिस पर पुलिस कर्मियों ने बाइक सवारों को वहां पर रुकवा लिया। बाइक सवार ने उतरते ही अपने किसी रिश्तेदार को फोन कर दिया। जिस पर एसएचओ बहादुर सिंह ने बात की। लेकिन एसएचओ ने कहा कि जब तक पूरे कागजात नहीं दिखाएगा तब तक उसको जाने नहीं दिया जाएगा और उसका चालान किया जाएगा। युवक ने कहा कि उसके पास कागजात नहीं है। एसएचओ ने उन्हें कागजात लेकर आने के लिए कहा।
दो युवक कागजात लेने के लिए चले गए। लेकिन आधा घंटा इंतजार करने के बाद भी वे कागजात लेकर नहीं आए। बातचीत में एसएचओ को महसूस हुआ कि युवक ने शराब पी रखी है। जिस पर एसएचओ ने उसी समय एल्कोहल मीटर निकाला और युवक की जांच की। जांच के दौरान शराब की मात्रा 30.2 एमएल पाई गई। एसएचओ ने युवक के बाइक का 15 हजार रुपये का चालान करते हुए बाइक को इंपाउंड कर दिया। चालान कटने के बाद युवक ने अन्य बाइक सवार को बुलाया और उस पर सवार होकर गए।
ऑटो चालकों की ली बैठक
वहीं ट्रैफिक एसएचओ बहादुर सिंह ने ऑटो चालकों को नियमों के बारे में बताते हुए कहा कि अगर कोई गलती करता हुआ पाया जाता है तो उसका चालान किया जाएगा। अगर लोग अपने वाहनों के कागजात पूरे कर सही ढंग से चलेंगे तो उससे पुलिस को भी सहयोग होगा तथा लोगों का भी बचाव होगा। एसएचओ ने ऑटो चालकों को बताया कि वह अपने निर्धारित स्थान पर ही ऑटो को रोकें।
किसी की भी नहीं सुनी जाएगी। जो गलती करेगा उसका चालान किया जाएगा। अगर हम अपनी सावधानी के लिए हेलमेट का प्रयोग करते हैं तो इसका हमें ही फायदा है। जो नियमों को तोड़ेगा ट्रैफिक पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी। लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक होना चाहिए।
- इंस्पेक्टर बहादुर सिंह, एसएचओ ट्रैफिक पुलिस, सिरसा।