सीडीएलयू के बीएड विभाग के 24 विद्यार्थी चयनित, अगले सप्ताह से शुरू होगा सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अब जिले के प्राइमरी स्कूलों में जाकर एंडलाइन मूल्यांकन सर्वे करेंगे। इस सर्वे के दौरान विवि के विद्यार्थी प्राइमरी के विद्यार्थियों की दक्षता को जानेंगे। इसके लिए विवि के बीएड विभाग के 25 छात्राओं का चयन किया गया है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेशभर में पहली बार कॉलेज विद्यार्थियों से स्कूलों का सर्वे करवाने जा रहा है। हर साल यह सर्वे निजी कंपनियों की ओर से किया जाता है। सर्वे के दौरान बाल वाटिका से लेकर पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों का मूल्यांकन करेंगे और जानेंगे कि बच्चों का पढ़ाई में क्या स्तर है। एफएलएन में बच्चों का कितनी दक्षता है। निपुण हरियाणा के तहत विद्यार्थी कितने दक्ष हुए हैं। बता दें कि शिक्षा निदेशालय की ओर से फार्म जारी किया गया था। इन्हें भरकर विवि के बीएड विभाग ने शिक्षा विभाग को भेजा । इन्हीं विद्यार्थियों में से सर्वे के लिए क्षेत्र अन्वेषक (फील्ड इन्वेस्टिगेटर) का चयन किया गया है।
29 व 30 जुलाई को टीम विद्यार्थियों को सर्वे के लिए देगी प्रशिक्षण
विवि के चयनित 25 विद्यार्थियों को सर्वे से पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का आयोजन 29 व 30 जुलाई को किया जाएगा। इसमें पंचकूला से विशेष टीम विद्यार्थियों को सर्वे के लिए प्रशिक्षण देगी। इसमें उन्हें समझाया जाएगा कि कैसे सर्वे करना है, किस प्रकार बच्चों का स्तर जांचना है। इस दौरान विद्यार्थियों को विभाग की ओर से विशेष तौर पर लिंक भी दिया जाएगा। पूरा सर्वे ऑनलाइन होगा। जैसे-जैसे विद्यार्थी सर्वे करेंगे, वैसे-वैसे रिपोर्ट ऑनलाइन लिंक पर जारी करेंगे।
9 दिन तक चलेगा सर्वे
शिक्षा विभाग की ओर से ये कार्य विभाग के बाहर की टीम को दिया गया है, ताकि सर्वे कार्य बिना किसी भेदभाव के हो सके। यह सर्वे नौ दिन तक लगातार चलेगा। प्रत्येक दिन विद्यार्थियों को एक स्कूल को सुबह से लेकर शाम तक अच्छे से जांचना होगा। यह सर्वे प्रशिक्षण के तीन से चार दिनों बाद शुरू हो जाएगा। सर्वे करने वाले विद्यार्थियों को अंत में प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
वर्जन
जिले के प्राइमरी स्कूलों में बाल वाटिका से लेकर पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों का सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के बीएड विभाग के 25 विद्यार्थी करेंगे। इन विद्यार्थियों को सोमवार व मंगलवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा। -डॉ. कपिल देव, जिला कोऑर्डिनेटर एफएलएन सिरसा।