सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) ने विद्यार्थियों की परीक्षा संबंधी समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए एग्जामिनेशन ग्रीवांस मॉड्यूल विकसित किया है। इस ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से विद्यार्थी अब घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे और उसकी प्रगति को भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजकुमार ने बताया कि कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के मार्गदर्शन तथा कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार के सहयोग से यह मॉड्यूल शुरू किया गया है। इसके तहत विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल onlinecdlu.ac.in के माध्यम से परीक्षा से संबंधित विभिन्न समस्याओं की शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस मॉड्यूल में विद्यार्थी रिजल्ट नॉट डिक्लेयरड, रिजल्ट लेट फॉर अवार्ड, रिजल्ट करेक्शन, इंटरनल असेसमेंट, अनुपस्थित, अनफेयर मीन्स केस, डीएमसी नॉट रिसीव्ड जैसी समस्याएं दर्ज कर सकते हैं। शिकायत के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा भी दी गई है जिससे निस्तारण प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी होगी।
विवि में नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर
प्रोफेसर राजकुमार ने कहा कि इस प्रणाली की विशेषता यह है कि विद्यार्थी अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति देख सकते हैं और यह भी जान सकते हैं कि मामला किस अधिकारी के पास लंबित है व उस पर क्या कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि इस ऑनलाइन व्यवस्था से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे जिससे समय की बचत के साथ पारदर्शिता और कार्यकुशलता में भी वृद्धि होगी।