आगामी 28 नवंबर से शुरू होने जा रही सीडीएलयू के अंडर ग्रेजुएट कोर्सों के लिए अभी तक रोल नंबर जारी नहीं हो सके हैं। परीक्षाएं सिर पर आ जाने के कारण अब सीडीएलयू प्रशासन ने रोल नंबर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को रोल नंबरों की जांच की गई और अब मंगलवार से रोल नंबर जारी हो सकेंगे।
स्नातक कोर्सों की परीक्षाएं देने वाले विद्यार्थियों का संशय अब समाप्त हो जाएगा। विवि द्वारा परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया गया था, जिसके अनुसार 28 नवंबर से पहली परीक्षा होगी। 20 नवंबर तक रोल नंबर न मिलने पर विद्यार्थी संशय में थे। अब परीक्षाओं के मात्र पांच दिन शेष रह जाने के कारण रोल नंबर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीडीएलयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रवीण ने बताया कि रोल नंबरों की जांच की जा रही है और मंगलवार को रोल नंबर जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्नातक कोर्सों की परीक्षाएं 28 नवंबर से जारी होकर 10 जनवरी तक जारी रहेंगी। रोल नंबर जारी करने के लिए स्टाफ काम पर लगा हुआ है। परीक्षाओं को शांतिपूर्वक और नकल रहित करवाने के लिए परीक्षा निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से आह्वान किया कि परीक्षा देने से पूर्व उत्तर पुस्तिका में लिखी सभी हिदायतें ध्यान से पढे़ं, ताकि उन्हें किसी प्रकार का संशय न रहे।