सिरसा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आरके सिंह ने सोमवार को इंटर स्टेट कॉर्डिनेशन कमेटी के तहत वीडियो कॉफ्रेंसिंग से पंजाब के जिला मानसा के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से चुनावों को लेकर बैठक की। इस दौरान डीसी ने बॉर्डर पर बनाए गए नाकों संबंधी कार्यों के बारे में बातचीत की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण तथा डीईटीसी आलोक पाशी वीसी से जुड़े।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दोनों जिलों के आबकारी व पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी तालमेल से काम करें और शराब, नकदी तथा हथियार आदि पर अंकुश लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बॉर्डर के साथ लगे नाकों पर सीसीटीवी लगवाए जाएंगे। इसके साथ-साथ पुलिस एवं डीईटीसी टीमों द्वारा लगातार नाकों व लिंक रोड पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने सीमा पार से असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर अंकुश लगाना, एक राज्य से दूसरे राज्य में अवैध हथियारों की जांच की व्यवस्था, सख्त निगरानी के साथ शराब, नकदी की जांच, वाहनों, लॉरी और अन्य हल्के वाहनों की जांच, वांछनीय तत्व या हथियार तथा राज्य के सीमा क्षेत्रों पर नाके स्थापित आदि विषयों पर भी चर्चा की गई। आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अधिकारिक ग्रासरूट लेवल पर काम करें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान बॉर्डर पर बनाए गए नाकों व अन्य सूचनाओं को अधिकारी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर आपस में साझा करें ताकि किसी भी सूचना पर तत्परता से कार्रवाई की जा सके।