सिरसा। रक्षाबंधन पर मोबाइल पर आने वाला हर बधाई संदेश खुशियां नहीं साइबर ठगी का जाल भी हो सकता है। साइबर अपराधी शुभकामनाओं की आड़ में संदिग्ध लिंक, फाइल और एपीके भेजकर लोगों को निशाना बना सकते हैं। इसे लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है।
एसपी ने व्हाट्सएप में मीडिया ऑटो-डाउनलोड बंद रखने की सलाह दी। इसके लिए सेटिंग्स में जाकर स्टोरेज और डेटा विकल्प चुनें। फिर मीडिया ऑटो-डाउनलोड में मोबाइल डेटा, वाई-फाई और रोमिंग के तहत फोटो, ऑडियो, वीडियो और डॉक्यूमेंट के टिक हटा दें। इससे फाइलें अपने आप डाउनलोड नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि ठग ऑफर, इनाम, नौकरी, बैंक अपडेट या जरूरी सूचना के नाम पर फर्जी लिंक भेज सकते हैं। अनजान नंबर से आए संदेश, लिंक या फाइल बिना जांचे न खोलें। खासकर एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
बैंक या किसी संस्था के नाम से संदेश आने पर उसमें दिए लिंक पर क्लिक न करें। जानकारी के लिए संबंधित संस्था के आधिकारिक माध्यम का ही इस्तेमाल करें।