सिरसा। शहर के सिंगीकाट मोहल्ले में मंगलवार रात को कीर्ति नगर चौकी पुलिस और मोहल्लावासियों के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान महिलाओं ने चौकी इंचार्ज अशोक कुमार के कपड़े फाड़कर मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों को नामजद और 20 अन्य लोगों के खिलाफ हमला करने, बंधक बनाने की कोशिश, सरकारी कार्य में बाधा व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
इस मामले में बुधवार को पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज करने पर लोगों ने विरोध जताया और एसपी से मुलाकात करनी चाही। हालांकि एसपी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। डीएसपी जगत सिंह मोर से उन्होंने मुलाकात की। डीएसपी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया।
लोगों का आरोप- जबरन घर मेंं घुसे थे पुलिसकर्मी
मोहल्लावासियों का कहना है कि पुलिस की कहानी झूठी है। असल मेंं सच्चाई ये है कि कीर्ति नगर चौकी पुलिस बेवजह तंग कर रही है। मंगलवार रात को कीर्ति नगर चौकी इंचार्ज अशोक सहित तीन पुलिस कर्मचारी जबरन एक महिला के घर मेंं घुस गए जबकि महिला घर मेंं अकेली थी। आरोप है कि महिला बाथरूम मेंं नहा रही थी। पुलिस ने महिला की छोटी बेटी को डांटा, उसके रोने की आवाज सुनकर महिला बाहर आई तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला ने शोर मचाया तो मोहल्लावासी एकत्रित हो गए और पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाने की कोशिश की। मोहल्लावासी बंटी का कहना है पुलिसकर्मियों के साथ कोई मारपीट नहीं की गई। उल्टा बुधवार सुबह पुलिस मोहल्ले मेंं आकर काफी बाइक उठाकर ले आई है। मोहल्लावासियों ने पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण से पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज की यह एफआईआर
एफआईआर के अनुसार कीर्ति नगर चौकी इंचार्ज एएसआई अशोक कुमार मंगलवार रात को अपनी टीम के साथ गाड़ी में सवार होकर इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टीम सिंगीकाट मोहल्ले में टीम पहुंची। यहां पर एक मकान के बाहर बिना नंबर की बाइक खड़ी मिली। मकान के बाहर ही सपना नाम की महिला बैठी थी। चौकी इंचार्ज एएसआई अशोक कुमार का कहना है कि उसने सपना से व पड़ोस के लोगों से बाइक के बारे में पूछताछ करनी शुरू की तो सपना ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। इसके बाद काफी लोग यहां एकत्रित होना शुरू हो गए। चौकी इंचार्ज का कहना है कि उसने लोगों को समझाते हुए बाइक के कागजात चौकी में पेश करने की हिदायत दी। इसके बाद पुलिस टीम गाड़ी में सवार होकर वापस जाने लगी तो कई लोग बाइक पर सवार होकर आए और पुलिस की गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। जिसके बाद उनकी टीम पर मोहल्ला निवासी सुनील, सुरेंद्र, कपिल, अरमान, अक्षय, विजय, बलदेव, अविनाश, गोबिंदा, अनीता रानी पत्नी विजय, सपना पत्नी जगमोहन व 15-20 अन्य लोग ने हमला कर दिया।
हमले में घायल कीर्ति नगर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार के बयान पर 13 नामजद व 20 अन्य आरोपियों के खिलाफ हमला करने, बंधक बनाने की कोशिश, सरकारी कार्य में बाधा व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।
-कप्तान सिंह, जांच अधिकारी