ओढ़ां। गांव भंगू में जमीन विवाद में मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। बडागुढ़ा पुलिस ने 4 नामजद सहित 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला बलवीर कौर नंगल (पंजाब) की शिकायत पर दर्ज हुआ है।
बलवीर कौर ने बताया कि गांव भंगू में उनके पिता प्रेम सिंह की करीब 22 एकड़ जमीन थी। उनके तीनों भाइयों ने अपना हिस्सा ले लिया लेकिन चारों बहनों ने भूमि में से हिस्सा नहीं लिया। बलवीर कौर के भाई हरदम सिंह, भाभी रणजीत कौर और भतीजी जसमैल कौर का देहांत हो चुका है।
बलवीर कौर के भांजे बलवीर सिंह निवासी भंगू ने हरदम सिंह की करीब साढ़े सात एकड़ जमीन पर गलत तरीके से कब्जा कर लिया था। उन्होंने अदालत में केस दायर किया और फैसला उनके हक में आया। जमीन का इंतकाल भी उनके नाम पर हो गया।
बलवीर कौर ने जमीन का कब्जा लेकर खेती शुरू की थी। 2 सितंबर को उनकी लड़की व बहन सहित अन्य लोग खेत से नरमा चुग रहे थे। आरोप है कि बलवीर सिंह, जस्सू सिंह, प्रीत सिंह और अन्य लोग बाइक व ट्रैक्टर पर लाठी-डंडों के साथ वहां आए।
उन्होंने आते ही उन पर हमला बोल दिया जिससे चार महिलाएं घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुईं। एसआई हरविंदर सिंह ने बलवीर कौर के बयान पर बलवीर सिंह, जस्सू सिंह, जश्न सिंह, प्रीत सिंह और 6-7 अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। संवाद