गांव कालांवाली में ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले व्यापारी जिम्मी को बलात्कार के झूठे केस में फंसाने का मामला सामने आया है। इस मामले में फतेहाबाद पुलिस में एसपीआईओ के पद पर कार्यरत पुलिस कर्मी व उसकी महिला साथी को पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये पीडि़त से लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस आज अदालत में पेश करेंगी। वहीं, इस मामले में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर कालांवाली के कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि कालांवाली में ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले व्यापारी जिम्मी ने शिकायत दी थी कि वह गांव जगमालवाली की रमनदीप कौर के संपर्क में आया था। दोनों से आपसी बातचीत हुई । इसके बाद रमनदीप कौर ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया कि वह उसे बलात्कार के केस में फंसाएगी। यदि उसने पांच लाख रुपये नहीं दिए। इस दौरान उसका परमजीत सिंह निवासी पक्का शहीदा भी व्यापारी को फोन कर धमकाने लगा।
फतेहाबाद पुलिस में एसपीआईओ होने के कारण वह पुलिस का डर दिखाने लगा। थाना प्रभारी ने बताया कि व्यापारी ने इस मामले में उन्हें शिकायत दी और एक टीम बनाकर व्यापारी के साथ भेजी गई। व्यापारी ने जैसे ही डेढ़ लाख रुपये दोनों को दिए, तभी पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी कि इस सारे खेल में अब तक इन लोगों ने कितनों का इस प्रकार फसाया है।