बडागुढ़ा। गांव बडागुढ़ा में भंगू रोड पर स्थित एक अवैध नशा मुक्ति पर सीएम फ्लाइंग की छापामार कार्रवाई वीरवार देर रात तक चलती रही। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं गिरफतार किए गए आरोपी जगदीप सिंह को पुलिस ने अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अवैध नशा मुक्ति केंद्र से वीरवार को 31 नशा पीड़ितों को मुक्त कराया गया था। संचालकों ने पंजाब क्षेत्र से आकर गांव बडागुढ़ा में भंगू रोड पर खेतों में बने मकानों को 4 माह पूर्व ही किराये पर लेकर अवैध रूप से नशा मुक्ति केन्द्र बनाया था। यह जगह गांव बडागुढ़ा के ही किसी एक व्यक्ति की बताई गई है।
जांच में सामने आया है कि इस केंद्र्र को 4 लोग चलाते थे, जोकि पंजाब के हैं। वहीं पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र में उपस्थित मिले जगदीप सिंह को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
वीरवार को इस मामले में बडागुढ़ा पुलिस ने एमओ डॉ. विकास की शिकायत के आधार पर नशा मुक्ति केंद्र के संचालक अमनदीप सिंह निवासी मानसा (पंजाब) और नशा मुक्ति केंद्र में उपस्थित मिले जगदीप सिंह निवासी गांव होडल कलां, जिला मानसा (पंजाब) सहित दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।