ओढां। गांव ओढां में कार सवार नकाबपोश कुछ युवकों ने दहशत फैलाते हुए मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में घायल दोनों युवकों को ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। इस दौरान आरोपियों ने घायल के मोटरसाइकिल को भी तोड़ दिया जिसके बाद आक्रोशित घायल पक्ष के लोगों ने आरोपियों की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों को एकत्र हुआ देख आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
वहीं लोगों ने इसकी पुलिस को दी। जिसके बाद ओढां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल में दाखिल गांव ओढां निवासी अनमोल के मुताबिक वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर से दुकान पर जा रहा था। उसने जैसे ही दुकान पर मोटरसाइकिल को रोका तो गली में खड़े कार सवार नकाबपोश 5 युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि युवकों के पास गंडासी, कापा व तलवार सहित अन्य धारदार हथियार थे। आरोपियों से उसने दुकान में घुसकर जान बचाई।इसके बाद आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल को तोड़ दिया।
वहीं हमले की सूचना मिलने के बाद अनमोल के परिजन व अन्य काफी लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी जब गाड़ी में सवार होकर भागने लगे तो उनकी गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई। लोगों को देखकर आरोपी पैदल ही भाग निकले। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की कार को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में घायल अनमोल को ओढां के सीएचसी में भर्ती करवाया गया।
वहीं फर्नीचर का कार्य करने वाले बंटी के मुताबिक वह मोटरसाइकिल पर सवार हो कर दुकान से सामान लेने जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने उसका मोटरसाइकिल रुकवाते हुए उसका पीछा किया। आरोप है कि उक्त लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला भी किया। बंटी के मुताबिक उसका करीब एक माह पूर्व कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। उक्त युवकों ने बाहरी युवकों को बुलाकर उन पर हमला करवाया है। अनमोल व बंटी के मुताबिक आरोपी युवक गांव सालमखेड़ा व चकेरियां के हैं।