डबवाली। मंगलवार को चौटाला रोड स्थित ईजी-डे के सामने एक कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। कार सवार पिता-पुत्री ने कार से निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि आग की चपेट में आकर वह झुलस भी गए। हादसे के समय वहां से गुजर रहे राहगीरों और आस-पास के दुकानदारों ने पानी के कैंपर से आग पर काबू पाया और सिलिंडर भी बाहर निकाल दिया।
आग से झुलसे पिता-पुत्री को स्थानीय नागरिक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचाराधीन 60 वर्षीय बनवारी लाल पुत्र भोला राम अरोड़ा निवासी वार्ड नंबर 12 डबवाली ने बताया कि वह अपनी 27 वर्षीय बेटी दीक्षा के साथ अपनी एस्टीम कार में रिश्तेदार को लेने के लिए नये बस स्टैंड की ओर जा रहा था कि चौटाला रोड पर रास्ते में कार में लगा गैस सिलिंडर लीक होने से कार में आग लग गई। जिसमें वह और उसकी बेटी दीक्षा का मुंह व हाथ झुलस गए। दोनों सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं और खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों के मुताबिक आग में झुलसने से दोनों 18 से 20 प्रतिशत तक जल गए हैं।