सिरसा। जिला निर्वाचन अधिकारी आर के सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 में नामांकन प्रक्रिया को लेकर गाइडलाइन जारी की है।
हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू होने जा रही है और सिरसा लोकसभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र जिला सिरसा में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित रिटर्निंग अधिकारी के कोर्ट रूम में लिए जाएंगे। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार अपने नामांकन को निर्धारित प्रोफार्मा दो क में ही भरकर जमा करवाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आर के सिंह ने शनिवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में नामांकन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों की रिहर्सल में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया के दिनों में पूरी सजगता से काम करें। नामांकन पत्र दाखिल करने वाले उम्मीदवारों को नियमों की जानकारी दें।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच सात मई को की जाएगी व नौ मई तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया चलेगी। 25 मई को मतदान होगा व चार जून को चुनाव का परिणाम घोषित किए जाएंगे। वोटिंग सुबह सात बजे शुरू होगी और शाम को छह बजे तक मतदान किया जा सकता है।