सिरसा। रूपावास रोड पर अपने खेत जा रहे किसान से चौधरी कहकर चाय के लिए 20 रुपये मांगने के बहाने दो बाइक सवार 18 हजार रुपये छीनकर भाग गए। पीड़ित किसान ने फोन कर घरवालों को घटना की सूचना दी। इसके बाद घरवालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए।
पुलिस के अनुसार, गांव बकरियांवाली निवासी 50 वर्षीय बनवारी लाल खेतीबाड़ी करता है। उसकी जमीन रूपावास रोड पर है। 12 सितंबर को वह साइकिल पर सवार होकर अपने खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में दो बाइक उसके पास आकर रुकी। दोनों बाइक पर नाथ समुदाय का एक-एक व्यक्ति सवार था। दोनों ने उसे रोका और कहा कि चौधरी एक बीड़ी दे।
बनवारी ने बीडी दे दी। इसके बाद उक्त लोगों ने उसे कहा कि चौधरी चाय पीने के लिए 20 रुपये दे। बनवारी के अनुसार उसने एक लिफाफे में 18 हजार रुपये डालकर जेब में रखे थे। 20 रुपये देने के लिए उसने जैसे ही जेब से लिफाफा निकाला तो एक आरोपी ने झपट्टा मारकर रुपयों से भरा लिफाफा छीन लिया और बाइक पर सवार होकर भाग गए।