गुरप्रेम सिंह
रोड़ी (सिरसा)। नहर किनारे उगीं कंटीली झाड़ियां तस्करों के लिए स्वर्ग और नशाखोरों के लिए मौत का केंद्र बन गई हैं। कूड़े का ढेर लगा होने के कारण इसकी ओट में छिपकर नशेड़ी नशाखोरी और अपराध कर रहे हैं। इन झाड़ियों में पिछले चार माह में नशे की ओवरडोज से मरे पांच युवाओं की लाश मिल चुकी है, इसके बावजूद सिंचाई विभाग नहर की पटरी को साफ नहीं करवा सका है। सिंचाई विभाग ने नशाखोरी से हो रही मौत पर लगाम लगाने के लिए पुलिस से गश्त बढ़ाने का आग्रह किया है। इसके लिए पत्र भेजा गया है। वहीं, पुलिस ने नहर विभाग से झाड़ियों को साफ करवाने की अपील की है। इस मामले में दोनों विभाग एक-दूसरे से सहयोग की अपेक्षा कर रहे हैं लेकिन पहल के लिए एक-दूसरे का इंतजार जारी है।
क्षेत्र में नहर की पटरी पर घरों के मलबे के ढेर लगे हैं। इनके पास कंटीली झाड़ियां उगी हैं। यह पटरी के किनारे बने रास्ते को बाधित कर रही हैं। इससे नहर किनारे आने-जाने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नशा करने युवाओं के लिए यह जगह स्वर्ग जैसी बन गई है। इन झाड़ियों के पीछे बैठकर कई नशेड़ी अपराधों को भी अंजाम दे रहे हैं। यहां कई बार लूटपाट और मारपीट तक की घटनाएं हो चुकी हैं।
ग्रामीण गुरविंदर सिंह और कुलदीप सिंह का कहना है कि यह नहर नशे का अड्डा बन कर रह गई है। नशे के दौरान यहां कई युवाओं की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सिंचाई विभाग का बेलदार और वन विभाग का गार्ड उन्हें हटा नहीं पाता। प्रशासन से मांग है कि इन झाड़ियों को हटाया जाए ताकि नशा करने वालों और तस्करों की गतिविधियां कम हो सकें। संवाद
- कोट-
नहरी विभाग का कोई पत्र नहीं मिला है। नहर पर रूटीन गश्त कर रहे हैं। सिंचाई विभाग से अपील है कि वह नहर किनारे उगी झाड़ियों को कटवाए ताकि रात्रि गश्त में पुलिस को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनक सिंह, थाना प्रभारी, रोड़ी।
-
नहर पर बैठकर नशे की ओवरडोज से होने वाली मौतों की सूचना हमें भी मिली है। विभाग में कर्मचारियों की कमी है। इसी कारण लोग यहां पर मलबा आदि डाल रहे हैं। हमारी कोशिश रहेगी कि नहर किनारे सभी अवांछित गतिविधियों को रोका जाए। इसके लिए रोड़ी थाना प्रभारी को पत्र भेजा गया है। इसमें नहर पर पुलिसकर्मियों की गश्त लगाने का अनुरोध किया गया है। - धर्मपाल, एसडीओ, नहरी विभाग, सिरसा।
-
पुलिस प्रशासन को नशे पर नकेल लगानी चाहिए। मैं भी नशे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहा हूं। इस बार सदन के भीतर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में भी इस मुद्दे पर बहस हुई थी लेकिन इस नहर पर होने वाली मौतों के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। - शीशपाल केहरवाला, विधायक, कालांवाली।
बेसुध हालत में मिला युवक, पास पड़ा मिला इंजेक्शन
रोड़ी। क्षेत्र की रंगा रजवाह की पटरी पर नशे की ओवरडोज होने के कारण एक युवक बेसुध हालत में मिला। डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक मुंह पर पानी डालकर होश में लेकर आए, जिससे युवक की जान बच पाई।
शनिवार शाम 4 बजे रोड़ी से मत्तड़ रोड पर रंगा रजवाह की पटरी पर एक युवक नशे की ओवरडोज के चलते बेसुध हालत में पड़ा हुआ मिला। ग्रामीणों के अनुसार युवक के पास इंजेक्शन पड़ा था। ग्रामीणों ने डायल 112 पर फोन कर इसकी सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की 38 नंबर गाड़ी मौके पर पहुंची और बेसुध पड़े युवक को उठाने का प्रयास किया। युवक होश में नहीं आया तो उसके मुंह पर पानी डाला गया। इसके बाद युवक को होश आ गया।
डायल 112 पर तैनात सब इंस्पेक्टर नेकी राम ने बताया कि युवक की पहचान पंजाब के सरदुलगढ़ निवासी काका के रूप में हुई है। युवक ने पुलिस के बताया कि वह रोड़ी स्थित अनाज मंडी में हेयर सैलून पर नाई है। पुलिस युवक को लेकर सैलून पर लेकर पहुंची, तो सैलून मालिक ने जवाब दिया कि यह युवक यहां से काम छोड़ चुका है।
नहर की पटरी के साथ फैंकी नशे के लिए प्रयोग की गई सिंरिज व अन्य वस्तुएं। संवाद