गांव कुतियाना में चोरों ने दिनदहाड़े बैंक कर्मचारी के घर में सेंध लगाते हुए नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कुतियाना निवासी अभिषेक पुत्र साहब राम ने बताया कि वह यस बैंक सिरसा में नौकरी करता है। मंगलवार को वह सिरसा नौकरी पर गया हुआ था। उसके माता-पिता खेत में गए हुए थे। सुबह 11 से दोपहर एक बजे के बीच चोर उनके घर में घुसा। चोर ने पहले कमरा का ताला तोड़ा फिर छोटी व बड़ी पेटी का ताला तोड़ दिया। चोर 1.5 तोले सोने की बाली, 1.25 तोले सोने की चेन, अंगूठी, नोजपिन, कोका, चांदी का कड़ा, चांदी की चेन, पाजेब व 5700 रुपये चोरी करके ले गया। इसके अलावा घर व जमीन के कागजात भी ले गया। जब वह शाम को घर आया तो चोरी का पता चला। जमाल चौकी में कार्यरत एसआई भूप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।