अति सुरक्षित माने जाने वाले पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नीचे एटीएम में रविवार की शाम चोरी का प्रयास किया है। रविवार की शाम एक चोर एसबीआई एटीएम कक्ष में दाखिल हुआ और रुपये निकालने का प्रयास किया। उस समय एटीएम में 27 लाख रुपये कैश था।
लघु सचिवालय एसबीआई शाखा प्रबंधक सुरेंद्र मेहता ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोर पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लघु सचिवालय में एसबीआई की शाखा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नीचे स्थित है। इस शाखा में एटीएम लगा हुआ है। एटीएम की सुरक्षा के लिए दो सुरक्षाकर्मी भी नियुक्त हैं जिनका नाम विनोद कुमार व कालूराम है। विनोद सुबह ड्यूटी देता है और कालू राम नाइट ड्यूटी पर रहता है। रविवार को विनोद कुमार शाम चार बजे बिना किसी को बताए अपने घर चला गया। पीछे से पांच बजकर बीस मिनट पर एक व्यक्ति एटीएम कक्ष में घुसा। पांच बजकर पचास मिनट तक वह गार्ड की कुर्सी पर बैठा रहा।
इस दौरान कई लोग एटीएम से रुपये निकालने आए। पांच बजकर पचास मिनट पर उक्त व्यक्ति ने बड़ा पेचकस लेकर एटीएम खोलने में जुट गया। दस मिनट तक काफी प्रयास के बावजूद वह एटीएम से रुपये निकालने में कामयाब नहीं हुआ तो शाम छह बजे वह एटीएम से चला गया। नाइट ड्यूटी पर कालू राम आया तो उसने एटीएम का सामने वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त देखा। उसने बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सीसीटीवी कै मरे की फुटेज लिया कब्जे में
हुडा चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की वीडियो फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पूरी वारदात कैमरे में कैद है। इसकी सहायता से चोर तक पहुंचा जाएगा।