चोपटा। चोपटा के भट्टू रोड़ स्थित किरयाना की दुकान में बुधवार रात को चोरी हो गई। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 10-10 के नोट के 12 हजार 200 रुपये चोरी करकेले गई।
दुकान में चोरी का पता दुकानदार को तब लगा जब वीरवार सुबह वह अपनी दुकान पर आया। बाद में इसकी सूचना चोपटा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव लुदेसर निवासी मोहर सिंह ने बताया कि उसने चोपटा के भट्टू रोड़ पर श्री बालाजी किरयाना स्टोर नाम से परचून की दुकान कर रखी है। बुधवार शाम को वह अपनी दुकान बंद करके अपने गांव चला गया था। वीरवार सुबह करीब नौ बजे जब वह वापस दुकान पर आया तो देखा कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था व शटर ऊंचा उठा हुआ था। मोहरसिंह ने बताया कि दुकान के अंदर देखा तो सामान बिखरा हुआ था व गल्ला खाली पड़ा था। पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार ने बताया कि गल्ले में 10-10 रुपये के 12 हजार 200 रुपये रखे हुए थे, जो अज्ञात चोरों ने चुरा लिए हैं। जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।