नूंह में दोबारा से ब्रजमंडल यात्रा निकालने की अनुमति न मिलने के बाद हिंदू संगठनों द्वारा यात्रा निकालने के एलान के बाद जिला पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के मध्यनजर पुलिस ने मय्यड़ गांव के पास पुलिस नाका लगाया। इसके अलावा जिले में मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस की दो कंपनियां मंडल स्तर पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। गुप्तचर विभाग के अधिकारियों को पल पल की रिपोर्ट दे रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि नूंह में हिंदू संगठनों द्वारा निकालने वाली ब्रजमंडल यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट है। जिले में कई जगहों पर नाके लगाए है। सुरक्षा के हर प्रबंध किए हुए है। आमजन को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके अलावा जो शरारती तत्व है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि नूंह में सर्व जातीय हिंदू महापंचायत ब्रजमंडल यात्रा निकालने की बात पर अड़ा है। प्रदेश सरकार द्वारा नूंह को जाने वाले सभी रास्तों पर नाकबंदी की हुई है। इंटरनेट सेवा भी बंद की हुई है।
नूहं में यात्रा में शामिल होने के कारण विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के सदस्य नहीं गए। पदाधिकारी स्थानीय मंदिरों में ही जलाभिषेक करेंगे। इसके अलावा अटेली के कार्यकर्ता भी नूहं नहीं जा सके। वहीं, सोमवार को अटेली में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के सदस्य यात्रा निकालकर राधा कृष्ण मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इससे पूर्व शहर में ही यात्रा निकाली जाएंगी। नूंह बृज मंडल यात्रा को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट पर है।
फतेहाबाद के रतिया रोड स्थित प्राचीन पंचमुखी शिव मंदिर से नूंह मेवात यात्रा में भाग लेने के लिए जाने वाले हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन द्वारा हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को फतेहाबाद स्थित पुलिस लाइन में भेजा गया है। जानकारी के अनुसार शहर के रतिया रोड स्थित प्राचीन पंचमुखी शिव मंदिर में विश्व हिंदू परिषद, गो रक्षा दल, बालाजी भक्त मंडल, बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर जलाभिषेक किया।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नूंह यात्रा में भाग लेने के लिए रणनीति बनाई और जब वे आगे बढ़ने लगे तो मंदिर से बाहर निकलते ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस कार्रवाई को देखते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रमेश कुमार के नेतृत्व में डीएसपी शमशेर सिंह, शहर थाना पुलिस, सदर थाना पुलिस व सीआईए पुलिस की टीम तैनात रही। करीब 60 से 70 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। बसों में भरकर इन कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन भेज दिया। हिरासत में लिए गए लोगों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी भड़ास निकाली।
इस दौरान गौरव गोयल ने बताया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से प्राचीन पंचमुखी शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए आए थे, इसके बाद भजन किए गए और जब वह नूंह यात्रा में भाग लेने के लिए जा रहे थे तो पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया है, प्रशासन द्वारा तानाशाही रवैया अपनाया गया है, जो बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को इस यात्रा में भाग लेने वाले लोगों को सुरक्षा दी जानी चाहिए लेकिन इस तरह के कदम उठाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बारे में डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि नूंह मेवात बृजमंडल यात्रा में भाग लेने के लिए जाने वाले कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।