- 3 हरियाणा बटालियन एनसीसी हिसार की टीम ने किया विद्यार्थियों का चयन
- शारीरिक परीक्षण, चिकित्सा जांच, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगी भर्ती
फोटो 4
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में पहली बार बॉयज एनसीसी यूनिट की शुरुआत की गई है। यह पहल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करने के लिए है। कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में लगभग 40 युवाओं ने नामांकन प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
3 हरियाणा बटालियन एनसीसी, हिसार के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुनील कटारिया अपनी टीम के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे। प्रो. राजकुमार, प्रो. मंजू नेहरा और डॉ. नीलम रानी ने उनका स्वागत किया। एनसीसी टीम को विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन करवाया गया।
कर्नल कटारिया ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और आधारभूत ढांचे की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एनसीसी के महत्व पर प्रकाश डाला। कर्नल कटारिया ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करती है।
यह टीम भावना और राष्ट्र सेवा का जज्बा पैदा करने का सशक्त माध्यम है। एनसीसी से जुड़कर विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व को निखारने के साथ भविष्य के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।
एनसीसी सीटीओ डॉ. नीलम रानी ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों और नेतृत्व विकास की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ एनसीसी गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
यूनिट का उद्देश्य
विश्वविद्यालय में बॉयज एनसीसी यूनिट की शुरुआत को एक अहम कदम माना जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाना है। यह उन्हें आत्मनिर्भर और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन और राष्ट्र सेवा का जज्बा विकसित करने में सहायक है।
चयन प्रक्रिया
3 हरियाणा बटालियन एनसीसी की टीम ने बॉयज एनसीसी यूनिट के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की। इसमें शारीरिक परीक्षण, चिकित्सा जांच, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के विभिन्न चरण शामिल रहे। शारीरिक एवं चिकित्सा परीक्षण तथा लिखित परीक्षा बटालियन की टीम ने आयोजित की। साक्षात्कार एनसीसी केयरटेकर ऑफिसर डॉ. नीलम रानी और एनसीसी इंस्ट्रक्टर सोनिका ने लिया।