जिले में 92 केंद्रों पर हरियाणा शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं चल रही हैं। हरियाणा शिक्षा बोर्ड की वीरवार को फाइन आर्ट की परीक्षा थी। चेकिंग के दौरान उड़नदस्ते ने दो परीक्षा केंद्रों पर तीन विद्यार्थियों की यूएमसी बनाई गई है। पर्ची से नकल करने के मामले में सेंट्रल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो विद्यार्थियों पर यूएमसी बनाई गई। वहीं मेला ग्राउंड केंद्रीय विद्यालय स्कूल में एक परीक्षार्थी द्वारा नकल करते पाए जाने पर फ्लाइंग द्वारा यूएमसी बनाई गई। वहीं बोर्ड ने बुधवार को जिले के बड़ागुढा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र अधीक्षक को बदल दिया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रघुआना के परीक्षा केंद्र अधीक्षक ने शिक्षा विभाग को बोर्ड परीक्षा में नकल करवाने को लेकर दबाव बनाने को लेकर जिला शिक्षा विभाग को पत्र लिख सूचित किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चक्कां में कार्यरत पीजीटी हिंदी के अध्यापक ने शिक्षा विभाग को पत्र लिखा और बताया कि बोर्ड परीक्षा में उसकी ड्यूटी बोर्ड द्वारा रिजर्व सेंटर सुपरीटेंडेंट के रूप में लगी थी। जिसके अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया। दो मार्च को 12वीं कक्षा के पहले और चार मार्च को 10वीं कक्षा की परीक्षा करवाई गई। इन परीक्षा के दौरानविद्यालय प्रभारी जोकि सेंटर चीफ सुपरीटेंडेंट भी हैं और साथ ही गांव के प्रभावशाली लोगों ने नकल करवाने का दबाव बनाने का प्रयास किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि उसे या तो उक्त परीक्षा केंद्र से सम्मान सहित कार्यभार मुक्त किया जाए या फिर जानमाल की हिफाजत के लिए पूर्ण सुरक्षा प्रधान की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्र के चीफ सुपरीटेंडेंट को बदला जाए। बोर्ड परीक्षा के लिए दिए जाने वाले प्रश्न पत्र आरएसडी स्कूल से दिलवाए जाएं। साथ ही शांतिमय परीक्षा संचालक व समापन के लिए कोई बोर्ड अधिकारी भी नियुक्त किया जाए ताकि बोर्ड परीक्षा में कोई व्यवधान न आए।
फ्लाइंग टीम ने बडागुढा केंद्र का चार बार किया दौरा
बडागुढा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अबकी बार बोर्ड ने हरमेल सिंह को परीक्षा केंद्र अधीक्षक बनाया था। बुधवार को बोर्ड ने हरमेल सिंह को इस परीक्षा केंद्र से बदल दिया। जानकारी अनुसार हरमेल सिंह पहले इसी स्कूल में मास्टर कैडर में थे। अगस्त 2019 में उन्हें पदोन्नति मिली और वे पीजीटी बन गए। स्कूल के विद्यार्थी उसने पढ़े हुए हैं। बोर्ड ने जिस परीक्षा केंद्र अधीक्षक की ड्यूटी पहले लगाई थी, उसने ज्वाइन नहीं किया। इसके बाद हरमेल सिंह को परीक्षा केंद्र अधीक्षक बनाया गया। लेकिन नियमानुसार यदि किसी को परीक्षा केद्र अधीक्षक या फ्लाइंग में ड्यूटी दी जाती है तो जिस स्कूल में वे पढ़ा चुके हैं, उसकी जानकारी बोर्ड को देनी होती है। वहीं बीते दिनों बोर्ड को सूचना मिली थी कि इस स्कूल में नकल की आशंका है। इसी के चलते बुधवार को फ्लाइंग ने करीब चार बार इस परीक्षा केंद्र का दौरा किया।
---------------------
कोट्स
बडागुढा से परीक्षा केंद्र अधीक्षक को रूटीन प्रक्रिया के तहत बदला गया है। अभी नए परीक्षा केंद्र अधीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई। यदि रघुआना के स्कूल में परीक्षा केद्र अधीक्षक ने ऐसी कोई शिकायत की है तो वे इस पर संज्ञान लेंगे।
वीजेंद्र, सुपरीटेंडेंट, बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा।
कोट्स
हमे शिकायत पत्र मिला है शुक्रवार को परीक्षा केंद्र जाकर मामले की जांच की जाएगी।
राजेश चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी।