डीईओ ज्ञान सिंह प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के साथ बैठक करते हुए।
सिरसा। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ज्ञान सिंह को निजी स्कूलों में मनमानी की शिकायत मिली है। यह समस्या सुलझाने के लिए उन्होंने जिले की सभी निजी स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। इस दौरान डीईओ ज्ञान सिंह ने अभिभावकों से मिलीं शिकायतों को सुलझाने पर चर्चा की। इसमें एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी समस्याओं के निदान के लिए डीईओ को आश्वस्त किया। बताया कि इस शिक्षा सत्र से किसी भी स्कूल में पुस्तकों को नहीं बदला जाएगा। निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें नहीं लगाईं जाएंगी।
कई अभिभावकों की शिकायत है कि निजी स्कूलों में निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें लगवाई जा रहीं हैं। हर साल पुस्तकों को बदल दिया जा रहा है। इससे अभिभावकों को आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। इसी समस्या को सुलझाने के लिए डीईओ ने सोमवार को जिलेभर की प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, नोडल अधिकारी अमित मनहर और सभी बीईओ मौजूद रहे।
निजी स्कूल संचालक हर साल नहीं बदलेंगे वर्दी, दिया आश्वासन
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने एसोसिएशन पदाधिकारियों के समक्ष निजी स्कूलों में हर साल स्कूल की वर्दी बदलने पर भी सवाल उठाए। अधिकारियों ने कहा कि कई निजी स्कूलों में हर साल वर्दी बदल दी जा रही है। इस कारण लोगों को आर्थिक हानि होती है। इस पर निजी स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि कोई भी स्कूल हर साल वर्दी नहीं बदलेगा। निजी स्कूलों की महंगी फीस पर भी चर्चा की गई। इस पर एसोसिएशन ने डीईओ को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सिर्फ मान्यता प्राप्त कक्षाओं में ही हों दाखिले, अन्यथा होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने सभी निजी स्कूल संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि कोई भी गैर मान्यता प्राप्त स्कूल बच्चाें के दाखिले नहीं करेगा। हर स्कूल मान्यता प्राप्त कक्षाओं तक ही दाखिले करें। बताया कि आठवीं कक्षा तक मान्यता प्राप्त कई स्कूल नौवीं और दसवीं कक्षाओं में भी दाखिले कर देते हैं। इन छात्र-छात्राओं का नाम दूसरे स्कूल में दर्ज करवा देते हैं। ऐसा करने वाले निजी स्कूल संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में स्कूलों की मान्यता रद्द भी की जा सकती है।
निजी स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ आज बैठक बुलाई गई। सभी के साथ बैठक सौहार्दपूर्ण रही। एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि स्कूल संचालक निजी प्रकाशकों की पुस्तकें नहीं लगाएंगे।
- ज्ञान सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।