प्रदर्शन राष्ट्रीय और स्थानीय मांगों के समर्थन में होगा
फोटो 4
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने 5 अगस्त को किसानों और मजदूरों के विशाल प्रदर्शन का आह्वान किया है। यह प्रदर्शन राष्ट्रीय और स्थानीय मांगों के समर्थन में होगा।
औलख ने जिले के गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। रणनीति बनाने के लिए कई गांवों में बैठकें हुईं। सभी किसान और मजदूर 5 अगस्त को सुबह 10:30 बजे जाट धर्मशाला, सिरसा में एकत्रित होंगे।
इसके बाद उपायुक्त कार्यालय तक मार्च निकालकर राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को मांग-पत्र सौंपा जाएगा। राष्ट्रीय मांगों में किसान विरोधी व्यापार समझौते रद्द करना, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और संपूर्ण कर्जमाफी शामिल है।
बिजली संशोधन विधेयक, सीड्स बिल वापस लेने, दिल्ली में विद्यार्थियों पर अत्याचार और पंजाब में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में भी ज्ञापन दिया जाएगा।
प्रमुख मांगें
स्थानीय मांगों में पर्याप्त नहरी पानी, निर्बाध बिजली, खाद की उपलब्धता और टेक्निकल ग्रेड यूरिया बेचने के आरोपियों की गिरफ्तारी शामिल है। कालांवाली, डबवाली, गोरीवाला तहसीलों के खरीफ-2020 का लंबित मुआवजा जारी करने की मांग की गई। खरीफ 2023, 2024, 2025 की फसल बीमा क्लेम, शाहपुरिया के लंबित क्लेम और वैदवाला के किसानों को उचित मुआवजा देने की भी मांग है। रोड़ी, कालांवाली, ओढ़ां, डबवाली क्षेत्र के लिए घग्गर नदी से रंगोई निकालने और फसल बीमा पॉलिसी की प्रति उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख है।