डबवाली। गांव अबूबशहर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर लूट के प्रयास के मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे चौथे आरोपी करण को डबवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने बताया कि 12 दिसंबर 2024 को गांव अबूबशहर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर कुछ बदमाश हथियारों के साथ लूट की नीयत से पहुंचे थे। आरोपियों ने ठेके का शटर तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया था। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी जिसके आधार पर थाना सदर डबवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 दिसंबर 2024 को दो आरोपियों दिनेश कुमार और सचिन उर्फ सेरी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 16 दिसंबर 2024 को तीसरे आरोपी जशन उर्फ तारू को भी काबू कर लिया गया।
मामले का चौथा आरोपी करण घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पीओ स्टाफ प्रभारी निरीक्षक रणधीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की जा रही तलाश के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद