हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने माना कि राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह के जाने से कांग्रेस पार्टी को नुकसान होगा। वहीं, उन्होंने कहा कि मंत्री कैप्टन अजय यादव को मना लिया गया है। वे कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नहीं है। डॉ. तंवर अपने आवास पर शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सीएम की खिलाफत कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी बीरेंद्र सिंह डूमरखां के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस प्रकार के बयान वे दे रहे हैं, उसको लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने उन्हें सीडब्ल्यूसी से निकाल दिया है, साथ ही हरियाणा प्रभारी शकील अहमद ने उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
उनके भाजपा में जाने पर होने वाली क्षति के बारे में तंवर ने कहा कि एक व्यक्ति के जाने से जो नुकसान होना है, वह तो होगा ही। कैप्टन अजय यादव के बारे में उन्होंने कहा कैप्टन कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नहीं हैं, उन्हें दूसरा मंत्रालय दे दिया गया है। मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। वे किसी भी सीट से विधानसभा चुनाव नहीं लडे़ंगे। चौ. रणजीत की टिप्पणी कि टिकट उनकी जेब में है और टिकट देना सीएम की मजबूरी होगी, पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी से बचना चाहिए।
विधायक गोपाल कांडा के विकास कार्यों में भेदभाव के आरोप पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। कांग्रेस ने सिरसा में सबसे ज्यादा विकास करवाया है, अगर उनकी चलती तो कांडा को मंत्री पद से ही हटवा देते।
डॉ. अशोक तंवर ने बताया कि कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के हर संगठन से सुझाव मांगे गए हैं। घोषणा पत्र इस माह के अंत तक तैयार कर लिया जाएगा। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव अक्तूबर में होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन से हरियाणा के सिखाें को ताकत मिली है। उन्होंने हजकां-भाजपा गठबंधन को अवसरवाद बताया।
उन्होंने बताया कि 90 सीटों के लिए लगभग 1200 से भी अधिक कांग्रेसियों ने आवेदन किए हैं। अब इनकी समीक्षा की जाएगी।
कांग्रेस के टिकट के लिए किस जिले में कितने आवेदन
जिला आवेदकों की संख्या
पंचकूला 44
अंबाला 51
यमुनानगर 108
कुरुक्षेत्र 70
पलवल 14
कैथल 59
करनाल 106
पानीपत 74
जींद 101
सिरसा 106
फतेहाबाद 33
हिसार 95
भिवानी 49
रोहतक 45
झज्जर 62
महेंद्रगढ़ 27
गुड़गांव 55
फरीदाबाद 27
सोनीपत 22
फोटो विवरण:01एसआईआरपी05: सिरसा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर।