डबवाली। साइबर ठग अब ट्रैफिक चालान, बिजली बिल बकाया, बैंक केवाईसी, शादी के निमंत्रण और कूरियर डिलीवरी के नाम पर मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इन फाइलों को डाउनलोड या इंस्टॉल करते ही मोबाइल की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
इनके जरिए ठग निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल और ओटीपी तक पहुंच बनाकर खातों से रकम उड़ा सकते हैं। डबवाली पुलिस ने गाइडलाइन जारी करते हुए लोगों को ऐसी फाइलों और अनजान लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी है।
साइबर अपराध शाखा प्रभारी एवं पुलिस प्रवक्ता उपनिरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि अनजान नंबर से आने वाली एपीके फाइल को बिना जांचे डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। सरकारी विभाग, बैंक या परिचित का नाम लिखा होने पर भी लिंक पर भरोसा न करें। ठग डर, जल्दबाजी और उत्सुकता पैदा कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
आधिकारिक पोर्टल से ही जांचें चालान
ट्रैफिक चालान की जांच और भुगतान के लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://echallan.parivahan.gov.in/ का इस्तेमाल करें। एसएमएस या वाट्सएप पर आए अनजान लिंक न खोलें। वेबसाइट का पता स्वयं ब्राउजर में टाइप करें। एप्लिकेशन केवल आधिकारिक स्रोतों से डाउनलोड करें। मोबाइल सेटिंग में ''इंस्टॉल अननोन एप्स'' की अनुमति न दें। बिजली बिल, केवाईसी और कूरियर संबंधी जानकारी के लिए संबंधित संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट या एप का उपयोग करें। परिचित के नाम से फाइल आने पर भी पहले फोन कर पुष्टि करें।
ठगी का शिकार होने पर 1930 पर करें कॉल
संदिग्ध एप इंस्टॉल होने पर उसे हटाएं और बैंक से संपर्क कर बैंकिंग सेवाएं सुरक्षित करें। पासवर्ड बदलें। अनधिकृत लेनदेन होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या https://www.cybercrime.gov.in/ पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत से ठगी की रकम को दूसरे खातों में जाने से रोकने और संबंधित खाते फ्रीज करवाने में मदद मिल सकती है।