सिरसा। नागरिक अस्पताल में चल रहा सुंदरीकरण का कार्य। संवाद
सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। इसके मद्देनजर अस्पताल का सुंदरीकरण किया जा रहा है। इसमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगभग 18 लाख रुपये खर्च किया जाएगा। सुंदरीकरण का काम अभी प्रथम चरण में है।
दो सप्ताह में काम पूरा होने की संभावना है। नागरिक अस्पताल का करीब एक साल पहले ही पुर्ननिर्माण का कार्य पूरा हुआ है। इस दौरान नागरिक अस्पताल के पूरे भवन को अपग्रेड किया गया था। अब अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों को बेहतर सुविधा और वातारण देने के लिए कार्य किया जा रहा है। दीवारों को सुंदर बनाने के साथ बैठने की व्यवस्था को बढ़ाया जा रहा है। साथ ही जागरूकता के मैसेज भी दीवारों पर पेंट करवाए जा रहे हैं।
पार्क व पार्किंग की व्यवस्था को बनाया जाएगा बेहतर
नागरिक अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था बड़ी अव्यवस्थित है। इसको बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। जिससे कि मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, नागरिक अस्पताल के पार्कों के हालात भी बेहतर नहीं है। पार्कों में मिट्टी भरवाने के साथ-साथ उनमें बेंच व पौधरोपण जैसे कार्य किए जाएंगे, ताकि मरीज व उनके परिजन पार्क में बैठ सकें। इसके अलावा अस्पताल के ओपीडी व पर्ची काउंटर के सामने बने हॉल आदि का सुंदरीकरण होगा।
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन आते हैं 1000 मरीज
जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन एक हजार से 1100 के करीब मरीज दवा लेने व उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल में इलाज लेने आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। पूर्व में निदेशक के निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों को भी दुरुस्त करवाया जा रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने भी अस्पताल प्रबंधन को छोटी-छोटी चीजों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे, जिन पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
अस्पताल के सुंदरीकरण के लिए कार्य चल रहा है। कार्य की पूरी माॅनिटरिंग की जा रही हैं। अस्पताल में आने वाले मरीजों को इलाज में कोई परेशानी न हो इसके लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। अस्पताल में मरीजों सहित आने वाले उनके परिजनों को वाहन पार्किंग के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसके लिए अब वाहन पार्किंग को भी सुधारने का काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि आने वाले दो सप्ताह तक काम पूरा हो जाएगा।
- डॉ. आरके दहिया, एसएमओ, नागरिक अस्पताल।