हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि उनके व उनके पुत्र राजकुमार शर्मा सहित 60 अन्य लोगों पर दर्ज करवाया गया मुकदमा राजनीति से प्रेरित, झूठा व बदले की भावना का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अगर 30 सितंबर तक धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले आरोपी तहसीलदार के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार न किया तो एक अक्तूबर को एसपी कार्यालय पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में धरना दिया जाएगा जबकि बंसीवट मंदिर के पुजारी पंडित सीताराम 30 सितंबर से ही मंदिर में आमरण व्रत शुरू कर देंगे।
वे मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार बदले व बदले की भावना रखने वाली सरकार है। वे जन हितैषी पक्षों को मजबूती से उठा रहे हैं और यही कारण है कि उन्हें दबाने के लिए ऐसा प्रयास किया गया है। वे ऐसे मुकदमों से डरने व झुकने वाले नहीं हैं तथा जनता की लड़ाई हमेशा ऐसे ही लड़ते रहेंगे, चाहे इसके लिए कितनी ही बड़ी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।
उन्होंने कहा कि एआरओ कंवर सिंह यादव 24 सितंबर की रात 10 बजे के करीब अपने सहयोगियों सहित शराब के नशे में मंदिर में शराब बांटे जाने का आरोप लगाते हुए चेकिंग करने आए और मंदिर में ही जूते पहनकर प्रवेश किया। इस पर मंदिर के पुजारी ने उनका विरोध किया। एआरओ ने पुलिस फोर्स को बुलाकर मंदिर व वहां खड़ी गाड़ी की तलाशी ली। इस तलाशी अभियान के समय एसडीएम परमजीत सिंह चहल, पुलिस उपाधीक्षक विजय कक्कड़ सहित अनेक पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी, हलोपा नेता गोबिंद कांडा, कांग्रेस नेता नवीन केडिया तथा नगरपरिषद के पूर्व उपप्रधान लीलाधर सैनी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि इस तलाशी अभियान में कोई शराब व अन्य आपत्तिजनक चीज नहीं मिली। इसका कीर्तिनगर चौकी प्रभारी ने इन अधिकारियों की मौजूदगी में लिखकर भी दिया कि कोई शराब या आपत्तिजनक चीज नहीं मिली। बंशीवट मंदिर के पुजारी सीताराम शर्मा ने मौके पर एआरओ कंवर सिंह यादव व उसके स्टाफ के खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने व मंदिर में जूतेे पहनकर जाने की एक दरखास्त भी पुलिस उपाधीक्षक को दी जिन्होंने तुरंत कार्रवाई करने का लिखित आदेश दिया और एआरओ और उसके साथियों का मेडिकल चेकअप करवाने का भी आदेश दिया।
पुलिस ने एआरओ को छोड़कर किसी अन्य का मेडिकल नहीं करवाया जो दबाव में की गई गलत कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में आकर यह गलत व झूठी कार्रवाई करने पर आमादा है। प्रशासन ने जान बूझकर एआरओ के ड्राइवर व साथियों को मौके से भगाया और उनका मेडिकल नहीं करवाया जोकि प्रशासन की लीपापोती का उदाहरण है। शर्मा ने चेताया कि एआरओ कंवर सिंह यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला दर्ज करके यदि शीघ्र गिरफ्तार न किया गया तो कांग्रेस द्वारा एक अक्तूबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा और कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने पर बाध्य होगी जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता मंगलवार को पुलिस अधीक्षक व नगराधीश से उनके कार्यालय में जाकर मिले और उन्हें सारे घटनाक्रम से अवगत करवाया। पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी मुख्यालय को जांच के आदेश दिए हैं। नगराधीश ने भी इस मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। इस मौके पर नवीन केडिया, शीशपाल के हरवाला, भूपेश मेहता, आनंद बियाणी,राजकुमार वर्मा, बिक्रमजीत सिंह, जिला व्यपार मंडल के प्रधान हीरालाल शर्मा, हरीश सोनी, ओमप्रकाश फुटेला, श्याम लाल मेहता, पूर्व पार्षद प्रेम शर्मा, जिला पार्षद डॉ. रामजी लाल, रोशन लाल गोयल, अमित सोनी, केदार पाहवा, बलजीत कौर, रणधीर सिंह, ख्यालीराम, रिंकू, रिटायर्ड तहसीलदार धर्मपाल खोखर, सज्जन कुमार मोचीवाला, सीताराम गुप्ता, संजय चांवरिया, मोमन सैनी, जगदीश सहरावत, सज्जन कुमार, काला सिंह, हंसराज मोरवाल, प्रकाश बेगू, राधेश्याम शर्मा, दलीप कंवरपुरा, राजेन्द्र जांगडा, हुकमचन्द, मनीराम खिच्ची, विजय शर्मा, बलवीर, मनोज शर्मा, रिंकू शर्मा, विशाल उर्फ मोगली आदि उपस्थित थे।