मामले में लगातार हो रही है गिरफ्तारियां
फोटो 30
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। सीआईए स्टाफ डबवाली ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करीब 2.95 लाख प्रतिबंधित गोलियों की तस्करी के मामले में मुख्य तस्कर को श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब से सोमवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ललित भूषण उर्फ मोन्टू, एसएएस नगर श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब का रहने वाला है। उसके पास से एक फोन बरामद किया गया।
सीआईए डबवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजपाल ने बताया कि 20 दिसंबर 2025 को उनकी टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खुईयां मलकाना टोल प्लाजा से टैक्सी नम्बर की कार में प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की थी। कार चालक कुलदीप उर्फ काला निवासी खोखर थाना बरीवाला जिला श्री मुक्तसर साहिब पंजाब को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ थाना सदर डबवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सीआईए प्रभारी ने बताया कि मामले से जुड़ी जानकारी जुटाते हुए उनकी टीम ने 23 जनवरी 2026 अमृतसर (पंजाब) से इस तस्करी में शामिल तस्कर जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी निवासी वार्ड नंबर 12 मलोट (पंजाब) को काबू किया। आरोपी के कब्जे से 15 लाख रुपये का सोना (बिस्कुट नुमा) व 2 लाख रुपये ड्रग मनी भी बरामद की गई।
साथ ही अन्य आरोपी मोहम्मद मुसाफिर अंसारी निवासी करण पट्टी जिला कुशीनगर (उतर प्रदेश) हाल निवासी मॉडल टाउन बठिंडा पंजाब को बठिंडा से काबू किया गया था।
मेडिकल स्टोर की आड़ में बेचते थे गोलियां
सीआईए प्रभारी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान कार चालक आरोपी कुलदीप उर्फ काला ने गहन पूछताछ के दौरान बताया कि वह ये नशीली गोलियां मलोट पंजाब लेकर जा रहा था और आरोपी जसविंदर उर्फ जस्सा उसकी गाड़ी को पायलट कर रहा था। आरोपी मोहम्मद मुसाफिर अंसारी के साथ मिलकर ये गोलियां पंजाब में बेचने वाले थे। आरोपी मोहम्मद मुसाफिर अंसारी पहले आरोपी जसविंदर उर्फ जस्सा के साथ मलोट में ही रहता था जो कुछ समय पहले ही बठिंडा रहने लगा था। गिरफ्तार किए गए आरोपी ललित भूषण उर्फ मोन्टू का मुक्तसर साहिब में एक मेडिकल स्टोर है जहां पर वह प्रतिबंधित गोलियां बेचता है जो उक्त आरोपियों द्वारा कुछ गोलियां इस मेडिकल स्टोर को दी जानी थी। आरोपी ललित भूषण उर्फ मोन्टू को न्यायालय में पेश किया जाएगा ।