फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्राहकों के रुपयों से ऐश करता रहा बैंक का कैशियर 5.45 लाख रुपये खर्च कर डाले अपनी मौज-मस्ती पर

Fri, 24 Mar 2017 11:27 PM IST
amarujala/Sirsa
विज्ञापन
विज्ञापन
पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर को ऐशो आराम का ऐसा चस्का पड़ा कि वो ग्राहकों के रुपये उनके खाते में जमा करने की बजाय उसका व्यक्तिगत उपयोग करने लगा। कैशियर की इन हरकतों से परेशान बैंक मैनेजर ने आरोपी कैशियर के खिलाफ थाने में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की। पुलिस ने आरोपी हेड कैशियर जिमी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। बैंक मैनेजर ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि आरोपी कैशियर दो खाताधारकों के पांच लाख 45 हजार 500 रुपये का व्यक्तिगत उपभोग कर चुका है और अन्य खाताधारकों के खातों मेें धोखाधड़ी की आशंकाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


शहर के डबवाली रोड पर पीएनबी की शाखा है। बैंक में हेड कैशियर के रूप में नोहरिया गेट निवासी जिमी कार्यरत है। ब्रांच मैनेजर पवन कुमार भाटिया का कहना है कि बैंक नियमों के मुताबिक हेड कैशियर को खाताधारकों को भुगतान करना और उनके रुपये खाते में जमा करने होते हैं। हेड कैशियर जिमी ने बैंक और ग्राहकों से धोखाधड़ी करनी शुरू कर दी। इसका खुलासा 17 फरवरी 2017 को आई एक शिकायत से हुआ।

पहला केस
खाताधारक सीता राम स्वामी ने मैनेजर को शिकायत दी कि उसने चार लाख 45 हजार रुपये हेड कैशियर जिमी को खाते में जमा करने को दिए थे, लेकिन रुपये खाते में जमा नहीं किए। मैनेजर ने कैशियर जिमी को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन वह बैंक से अनुपस्थित रहा। उसके घर पर संपर्क किया गया तो पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने ग्राहक के खाते में रुपये जमा नहीं किए। मैनेजर ने कैशियर को ग्राहक के खाते में रुपये जमा करने को कहा तो उसने अपने खाते से चार दिनों में ग्राहक के खाते में रुपये जमा कर दिए।
विज्ञापन


दूसरा केस
21 फरवरी 2017 को खाताधारक नितिन सोनी ने मैनेजर पवन कुमार को शिकायत दी। नितिन सोनी ने मैनेजर को बताया कि उसने एक लाख रुपये हेड कैशियर जिमी को खाते में जमा करने के लिए दिए थे, लेकिन उसके खाते में ये राशि जमा नहीं की गई। फिर मैनेजर ने मामले की जांच की तो पता चला कि हेड कैशियर जिमी ने खाताधारक के एक लाख रुपये अपनी मौज-मस्ती पर उपयोग कर बैंक और ग्राहक को धोखा दिया है। खुलासा होने पर हेड कैशियर ने रुपये अपने खाते से नितिन सोनी के खाते में जमा करवा दिए।

बड़े स्तर पर धोखाधड़ी करने की आशंका
एक के बाद एक दो ग्राहकों की शिकायतों ने ब्रांच मैनेजर पवन कुमार भाटिया को हैरत में डाल दिया। पीएनबी सार्वजनिक क्षेत्र का नामी बैंक है। उसे हेड कैशियर जिमी की हरकतों से अंदाजा हो गया कि उसने बड़े स्तर पर बैंक और ग्राहकों को धोखा दिया है। मैनेजर पवन कुमार को आशंका है कि कैशियर ने काफी खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी की है। दो केस तो सामने आ चुके हैं, लेकिन और केस सामने आने की आशंका है। इसके बाद मैनेजर ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपी हेड कैशियर जिमी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि ग्राहक से रुपये लेकर उसके खाते में जमा नहीं करना बैंक नियमों का उल्लंघन है। हेड कैशियर ने नियमों का उल्लंघन सरकारी नौकर और बैंकर के रूप में किया है।

शहर थाना पुलिस ने मैनेजर पवन कुमार की शिकायत पर आरोपी हेड कैशियर जिमी निवासी नोहरिया गेट के खिलाफ धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच का जिम्मा एएसआई शमशेर सिंह को सौंपा गया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें