ओढ़ां। सभी पंचों के साथ चयनित सरपंच बलजीत कौर। (संवाद)
- शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र सही न पाए जाने पर उपायुक्त ने सरपंच वीरपाल कौर को हटाया था पद से
फोटो - 34
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। खंड के गांव चट्ठा में सरपंच वीरपाल कौर का शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र सही न पाए जाने पर उपायुक्त द्वारा उन्हें पद से हटाए जाने के बाद पूर्ण बहुमत रखने वाले पंच को सरपंच का कार्यभार सौंपने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद बीडीपीओ ओढ़ां ने सभी पंचों को एजेंडा भेजकर वीरवार को बीडीपीओ कार्यालय में बुलाया।
इसके बाद सभी 7 पंच बीडीपीओ कार्यालय में पहुंच गए। पूर्ण बहुमत को लेकर सभी पंचों में काफी देर तक आपसी बातचीत चलती रही। चट्ठा में सरपंच पद सामान्य वर्ग (महिला) के लिए आरक्षित था। पंचों में से 4 महिलाएं व 3 पुरुष पंच हैं। इनमें से सरपंच वीरपाल कौर व पंच बलजीत कौर ही सामान्य वर्ग से संबंधित थीं।
वीरपाल कौर को सरपंच पद से हटाए जाने के बाद नियमानुसार पंच बलजीत कौर ही सरपंच पद के लिए योग्य बचीं। काफी देर तक आपसी बातचीत के बाद बलजीत कौर ने बीडीपीओ के समक्ष स्वयं सहित कुल 5 पंचों को लेकर बहुमत पेश किया। हालांकि, इस दौरान कुछ पंच आगामी समय मांग रहे थे लेकिन कुछ देर बाद सभी ने पंच बलजीत कौर के समर्थन में सहमति व्यक्त कर दी।
बीडीपीओ अमन मित्तल ने बताया कि पंच बलजीत कौर ने पूर्ण बहुमत पेश किया। इसके बाद नियमानुसार उन्हें सरपंच पद के लिए चुना गया है। उन्होंने बताया कि उक्त कार्रवाई उपायुक्त को भेजी जाएगी जिसके बाद उन्हें कार्यभार सौंप दिया जाएगा। वहीं सरपंच चुने जाने के बाद समर्थकों ने बलजीत कौर को बधाई दी।