कालांवाली। डेरा जगमालवाली के अनुयायी ने रास्ते में मिले नकदी, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात से भरे बैग को उसके मालिक को सौंपकर ईमानदारी का परिचय दिया है। जिस पर बैग मालिक किसान कुलदीप सिंह निवासी गांव दादू ने अनुयायी महिपाल का आभार व्यक्त किया है।
महिपाल निवासी शहर कालांवाली दादू रोड पर गली पंडितों वाली के किनारे पर हेयर ड्रेसिंग का काम करता है। उसे उसकी दुकान के पास सड़क पर गिरा बैग मिला। जिसमें करीब एक हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, गैस सिलिंडर की कापी, बैंक खाते की कापी सहित कई जरूरी कागजात व घरेलू सामान था। जब कागज चेक किए तो उससे पता चला कि उक्त सामान गांव दादू निवासी कुलदीप सिंह का है। इस पर कुलदीप सिंह को मोबाइल फोन पर संपर्क करके उन्हें सामान के बारे में बताया। जिसके बाद मौके पर पहुंचे कुलदीप ने अपना सामान लिया और महिपाल का आभार जताया।