बडागुढ़ा। बडागुढ़ा पुलिस ने गांव लक्कड़ांवाली निवासी एक व्यक्ति के बयान पर 8 लोगों के खिलाफ उसके घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में सुखविन्द्र सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल की रात्रि उसके गांव का ही साहिल कुमार उसके घर के सामने गली में पेशाब कर रहा था। जब उसकी चाची माया देवी ने उसे टोका तो वह उसकी चाची से गाली-गलौज करने लगा। फिर कुछ देर बाद साहिल ने फोन कर अपने बड़े भाई अजय कुमार, पिता सुरेश कुमार, गुरसेवक सिंह उर्फ सेवा, बंगारू, नरेंद्र सिंह, सुखप्रीत सिंह, हरमेल सिंह उर्फ जोगी को मौके पर बुला लिया और सभी मिलकर उनसे गाली-गलौच करने लगे।
सुखविन्द्र का आरोप है कि जब उसने घर का गेट खोला तो सभी 8 आरोपी उसके घर में घुस गए और उस पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इसी दौरान जब उसकी पत्नी चरणजीत कौर, बलवंत सिंह व चाची माया देवी ने उसे छुड़वाने की कोशिश की तो आरोपियों उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाए जाने के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। इस हमले में उसे, उसकी पत्नी चरणजीत कौर, बलवंत सिंह व चाची माया देवी को काफी चोटें आईं जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया।