रोडवेज अधिकारी के कथित दुर्व्यवहार से नाराज होकर कर्मचारियों ने अधिकारी की जमकर पिटाई कर डाली।
कर्मचारी पहले तो स्थापना सहायक के ऑफिस में घुस गए और बाद में उसे पकड़कर बाहर ले आए। इस दौरान खूब लात-घूंसे भी चले।
रोडवेज स्टाफ ने बीच-बचाव करवाया। बाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से माफी भी मांग ली, जिससे मामला शांत हो गया। रोडवेज महाप्रबंधक ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
मंगलवार सुबह वर्कशॉप के पांच कर्मचारी स्थापना सहायक (ईए) के पास अपनी मांगों को लेकर गए थे। कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारी ने उनकी एक नहीं सुनी और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
इसके बाद कर्मचारी अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वर्कशॉप में आ गए और तालमेल कमेटी के साथ बैठक कर वर्कशॉप के आगे धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।
कर्मचारियों की नारेबाजी को देखते हुए वर्कशॉप मैनेजर प्रदर्शनकारियों के पास आए और उन्हें समझाने का प्रयास किया पर वे नहीं माने।
वर्कशॉप मैनेजर को कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक स्थापना सहायक उनके पास आकर माफी नहीं मांगते, तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगे और गेट के आगे बैठे रहेंगे।
इसके बाद वर्कशॉप मैनेजर ने ईए को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद ईए प्रदर्शनकारियों के पास गए और समझाने का प्रयास किया, लेकिन तब भी कर्मचारी नहीं माने और ईए को माफी मांगने को कहा।
ऑफिस में जाकर की धुनाई
ईंए ने वर्कशॉप कर्मचारियों से मांगे मानने की बात कही पर अधिकारी ने माफी नहीं मांगी और अपने कार्यालय चले गए।
इसके बाद कर्मचारियों को मनाने वर्कशॉप मैनेजर मनोज शर्मा दोबारा आए और कर्मचारियों को फिर से मनाने का प्रयास किया पर कर्मचारी अधिकारी के माफी मांगने की बात पर अड़े रहे।
कई देर तक अधिकारी के नहीं मानने पर वर्कशॉप के कर्मचारी उठकर ईए ओमप्रकाश के ऑफिस चले गए और उसे पकड़कर जमकर धुनाई कर डाली।
इसके बाद कर्मचारी उसे पकड़कर बाहर ले आए और लात-घूंसे चलाकर मारपीट करने लगे। अधिकारी और कर्मचारियों को लड़ता देख रोडवेज स्टाफ बीच-बचाव में आया और दोनों को शांत करवाया।
इसके बाद अधिकारी ने वर्कशॉप कर्मचारियों से और कर्मचारियों ने ईए से माफी मांग ली, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
नहीं आई शिकायत : चौकी प्रभारी
इस बारे में रोडवेज चौकी प्रभारी भूदेव का कहना है कि उनके पास मामले की शिकायत नहीं आई है। अगर शिकायत आएगी तो कार्रवाई जरूर की जाएगी।
कार्रवाई की जाएगी : जीएम
इस मामले में रोडवेज के महाप्रबंधक सुरेश कस्वां ने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारी लड़े नहीं, बल्कि बहस हुई थी। अब उनमें समझौता हो गया है। फिर भी जिसने माहौल खराब किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।