एशियन चैंपियनशिप में सिरसा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है।
खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके शाह सतनामजी गर्ल्स शिक्षण संस्थान की खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल की बदौलत भारत को पहली बार एशियन चैंपियनशिप में रोलर स्केटिंग हॉकी की इन लाइन हॉकी में कांस्य पदक दिलवाया।
कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम में शामिल शाह सतनामजी गर्ल्स स्कूल की चार व गर्ल्स कॉलेज की पांच खिलाड़ियों का सोमवार को संस्थान पहुंचने पर स्वागत किया गया।
पदक विजेता खिलाड़ियों का शिक्षण संस्थान पहुंचने पर स्कूल की प्रिंसिपल शीला पूनियां इंसां, वाइस प्रिंसिपल सीमा छाबड़ा इंसां, कॉलेज प्रिंसिपल गीता मोंगा इंसां, शिक्षण संस्थान की स्पोर्ट्स इंचार्ज मीरा इंसां व समस्त शिक्षण संस्थान के स्टॉफ सदस्यों और सहपाठियों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
खिलाड़ियों ने इस उपलब्धि का सारा श्रेय संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां को दिया। प्रतियोगिता के बारे में स्कूल प्रिंसिपल शीला पूनियां इंसां ने बताया कि 20 से 24 सितंबर तक चीन के हैनिंग शहर में 16वीं एशियन रोलर हॉकी व इन लाइन हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया,
जिसमें भारत, चीन, मकाओ, इरान, कोरिया, ताईपाई, जापान, हॉगकांग सहित नौ देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने ईरान को 5-1 से पराजित करके कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम ने पहली बार इन लाइन हॉकी चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि भारतीय टीम में शामिल 16 खिलाड़ियों में से नौ खिलाड़ी शाह सतनामजी गर्ल्स शिक्षण संस्थान के है, जबकि तीन खिलाड़ी फरीदाबाद व एक-एक खिलाड़ी आंध्र प्रदेश, दिल्ली, पंजाब के पटियाला व प्रदेश के कुरुक्षेत्र से थे।
प्रिंसिपल ने बताया कि शाह सतनामजी गर्ल्स स्कूल की 12वीं कक्षा की हेमलता इंसां, रवनीत इंसां, सोनम इंसां, दसवीं कक्षा की मुस्कान इंसां, व गर्ल्स कॉलेज से सुमित्रा इंसां एमए, हरप्रीत इंसां बीपीएड, काजल इंसां बीकॉम द्वितीय वर्ष, गगनदीप इंसां व जशभनदीप इंसां बीकॉम प्रथम वर्ष शामिल हैं।