रोड़ी। पंजाब-हरियाणा सीमावर्ती क्षेत्र रोड़ी में श्रीकृष्ण गोशाला के बाहर पंजाब पुलिस के एक एएसआई द्वारा कथित रूप से सड़क पर वाहनों को रोककर हवाई फायरिंग करने और बहसबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी सड़क से गुजर रही पिकअप और बोलेरो गाड़ियों को रोकते हुए बहस करता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान रोड़ी निवासी धन्ना सिंह के रूप में हुई है। वह मानसा में पंजाब पुलिस में एएसआई के पद पर तैनात है। आरोप है कि 8 फरवरी की रात मानसा के रमदित्ता चौक से गुरप्रीत नामक युवक ने अपनी गाड़ी में एएसआई को लिफ्ट दी। गुरप्रीत सिंह के अनुसार, रास्ते में पुलिसकर्मी ने उसके साथ हाथापाई की और सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर उसकी गाड़ी और लाइसेंसी पिस्टल छीन ली।
इस मामले में मानसा पुलिस ने गुरप्रीत सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी एएसआई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हालांकि, रोड़ी-सरदूलेवाला रोड पर गोशाला के सामने हुई हवाई फायरिंग और वाहनों को रोकने की घटना के संबंध में रोड़ी थाना पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।